रायपुर। नौतपा के अंतिम दिन भीषण गर्मी और लू से परेशान छत्तीसगढ़वासियों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। हालांकि, इसके साथ ही गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी भी जारी की गई है।
मौसम केंद्र के अनुसार, राज्य में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बादल के गर्जने, बिजली चमकने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश की गतिविधियों के चलते लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिलेगी।
रायपुर में बादल, बारिश और अंधड़ के आसार
राजधानी रायपुर में मंगलवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। शहर में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज अंधड़ चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने बताया कि, अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि आगामी तीन दिनों तक तापमान में स्थिरता बनी रहने की संभावना है।
नौतपा के असर में आई कमी
गौरतलब है कि, नौतपा के शुरुआती दिनों में राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्से भीषण गर्मी और तापप्रवाह की चपेट में थे। कई इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था। वहीं 30 मई को आए अंधड़ और मौसम में बदलाव के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को राहत मिली है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति में खुले स्थानों पर न रहें। पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर निर्माणों के नीचे खड़े होने से बचें तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।
मुख्य बातें:
हाईटेक अस्पताल में 32 लाख रुपए के गबन का आरोप, कैशियर गिरफ्तार
CRPF कैंप से लापता आरक्षक का पेड़ पर मिला शव, घरेलू विवाद के बाद निकला था घर से
बारिश में जलती रही चिता, ऊपर तनी रही चादर: मांगरू के श्मशान ने खोली सरकारी दावों की पोल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft