रायपुर. छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आदिवासी नेता नंदकुमार साय ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. विधानसभा चुनाव 2023 से कुछ महीने पहले ही उन्होंने बीजेपी छोड़कर कांग्रेस ज्वाइन की थी. चुनाव में कांग्रेस की हार हो गई. इसके बाद कई नेताओं ने पार्टी छोड़ने का फैसला किया है. इसी कड़ी में अब इस नेता ने इस्तीफा सौंपा है.
बता दें कि बीजेपी में रहते हुए नंदकुमार साय कई बार सांसद चुने जाने के अलावा राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष भी बनाए गए थे. लेकिन, बाद में उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश से सीनियर लीडर अब उनसे किनारा करने लगे हैं. बाद में वे इसे लेकर मुखर भी हो गए.
इसके बाद उन्होंने रायपुर जाकर तत्कालीन बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष अरुण को अपनी प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र भेज दिया. फिर उन्होंने पूर्व सीएम भूपेश बघेल समेत अन्य कांग्रेसी नेताओं की मौजूदगी में कांग्रेस ज्वाइन कर ली थी. हालांकि विधानसभा चुनाव में उन्हें पार्टी ने कहीं से टिकट नहीं दिया था.
सीएसआईडीसी के रहे अध्यक्ष
कांग्रेस ने भले ही विधानसभा चुनाव में उन्हें टिकट नहीं दिया था, लेकिन उससे पहले पार्टी ज्वाइन करने के कुछ समय बाद ही सीएसआईडीसी का अध्यक्ष बनाया था. लेकिन, पार्टी की हार के बाद नंदकुमार साय के पास यह पद भी नहीं रह गया था. वहीं अब उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चा का दौर शुरू हो गया है. वे वापस बीजेपी ज्वाइन करेंगे या क्या, इस पर बात हो रही है.
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft