रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज यानि गुरुवार को दिल्ली दौरे पर रवाना हुए हैं। दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच लंबे समय से लंबित महानदी जल विवाद को सुलझाने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है।
इस बैठक में दोनों पड़ोसी राज्यों के जल बंटवारे, सिंचाई परियोजनाओं और नदी जल से जुड़े विभिन्न अंतर्राज्यीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
महानदी जल विवाद पर होगी सार्थक चर्चा
दिल्ली रवाना होने से पूर्व मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री साय ने बताया कि, महानदी के पानी को लेकर जारी विवाद को सुलझाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ और ओडिशा दोनों ही राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने संयुक्त रूप से केंद्रीय जल आयोग (CWC) को पत्र लिखा है। सीएम साय ने स्पष्ट किया कि दोनों प्रदेशों के नागरिकों और किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए जो भी न्यायसंगत फैसला लिया जाएगा, दोनों राज्य सरकारें उसे सहर्ष स्वीकार करेंगी।
सिंगापुर दौरे से खुलेंगे निवेश और विकास के नए द्वार
महानदी विवाद के साथ-साथ मुख्यमंत्री साय ने अपने आगामी सिंगापुर प्रवास की जानकारी भी साझा की। उन्होंने कहा कि यह दौरा छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा और आर्थिक अवसरों को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का एक स्वर्णिम अवसर होगा।
सिंगापुर में सीएम साय प्रमुख उद्योगपतियों, निवेशकों और व्यापारिक समूहों के साथ उच्चस्तरीय बैठकें करेंगे। इस दौरान राज्य में इंडस्ट्रियल इन्वेस्टमेंट, टेक्नोलॉजी ट्रांसफर, स्किल डेवलपमेंट और अंतर्राष्ट्रीय साझेदारी को बढ़ावा देने पर विशेष जोर रहेगा।
राज्य सरकार को उम्मीद है कि इस दौरे से छत्तीसगढ़ में भारी विदेशी निवेश आएगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे।
दीपक कॉलोनी में जुआ फड़ पर पुलिस का छापा, 14 जुआरी गिरफ्तार; 72 हजार रुपए नकद बरामद
अमेरिकी फूड डिलीवरी दिग्गज 'डोरडैश' की भारत में एंट्री, हैदराबाद में खोला अपना पहला ग्लोबल हब
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft