सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद नई भर्तियों व प्रवेश परीक्षाओं का रास्ता खुल गया है.
रायपुर. छत्तीसगढ़ में 58 प्रतिशत आरक्षण को हाईकोर्ट द्वारा अमान्य किए जाने और नए संशोधन विधेयक के राज्यपाल द्वारा हस्ताक्षर नहीं किए जाने के चलते युवाओं को खासा नुकसान हो रहा था. लेकिन, सोमवार को सुप्रीम कोर्ट द्वारा हाईकोर्ट के फैसले को खारिज करने के साथ ही सरकार के साथ युवाओं की खुशी का भी ठिकाना नहीं है. अब प्रवेश परीक्षाओं का रास्ता खुल गया है और नई भर्तियों का भी. कौन-कौन सी ऐसी नौकरी के अवसर हैं और विभिन्न कोर्सेज में दाखिले होंगे हम पूरी जानकारी देने जा रहे हैं.
इन रुकी भर्ती प्रक्रियाओं का खुलेगा रास्ता
- CGPSC सिविल सर्विस 2022 का अंतिम रिजल्ट जारी होगा
- छत्तीसगढ़ वनसेवा परीक्षा का साक्षात्कार होगा
- CGPSC 2022 की प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट जारी होगा
- CGPSC AE 2021 का रिजल्ट जारी होगा
- आयुर्वेदिक मेडिकल ऑफिसर व चपरासी का रिजल्ट आएगा
- सब इंस्पेक्टर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ेगी
- CSEB के JE पदों की भर्ती होगी
- डाटा एंट्री ऑपरेटर भर्ती होगी
- स्टेनोग्राफर भर्ती होगी
- स्टेनो टाइपिस्ट के पद भरे जाएंगे
- विधानसभा सचिवालय सहायक ग्रेड 3 की भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ेगी
ये नई वेकेंसियां भी निकलेंगी
- शिक्षा विभाग के सभी संभागों में सभी विषय के शिक्षक, व्यायाम शिक्षक, खेल शिक्षक, कंप्यूटर शिक्षक, लाइब्रेरियन, कृषि शिक्षक, दिव्यांगों के लिए विशेष शिक्षक, प्रयोगशाला शिक्षक के हजारों पदों पर भर्ती होने की संभावना है.
- विभिन्न विभागों में जूनियर इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर, असिस्टेंट प्रोफेसर, रेवेन्यू इंस्पेक्टर, लेबर इंस्पेक्टर, पटवारी, अमीन, छात्रावास अधीक्षक, वन रक्षक, सहकारिता, होम गार्ड, सहायक पशु चिकित्सक क्षेत्र अधिकारी, पॉलीटेक्निक लेक्चरर के खाली पद भरे जाएंगे
- कृषि विभाग के विभिन्न पद भरे जाएंगे
- पंचायत विभाग के ADEO सहित विभिन्न पद
- सहायक ग्रेड 1, 2, 3 की भर्ती होगी
- खाद्य विभाग के तकनीकी सहायक के पद भरे जाएंगे
- स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न रिक्त पदों पर नियुक्ति होगी
इन प्रवेश परीक्षाओं के लिए जारी होगी अधिसूचना
इंजीनियरिंग, पाॅलीटेक्निक कॉलेज, एग्रीकल्चर, बीएड, डीएलएड, फार्मेसी और नर्सिंग कोर्सेज में दाखिले के लिए प्रवेश व्यावसायिक परीक्षा मंडल परीक्षा आयोजित करता है. इन सभी को मिलाकर 50 हजार के करीब सीटें हैं. ढाई लाख से ज्यादा युवा छात्र-छात्राएं इसमें भाग्य आजमाते हैं. इन सीटों पर प्रवेश आरक्षण के नियमों के तहत होता है. आरक्षण की स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण व्यापम ने अब तक अधिसूचना जारी नहीं की थी. लेकिन, अब जल्द ही इसके लिए अधिसूचना जारी की जाएगी.
प्रदेश में विभिन्न पाठ्यक्रमों की सीटें
- इंजीनियरिंग 11,514
- बी-फार्मेसी व डी-फार्मेसी 5,891
- डिप्लोमा इन एग्रीकल्चर 32
- डिप्लोमा इन कास्मेटिक डिजाइन 130
- डिप्लोमा इन इंजीनियरिंग 8,224
- बीएड 14,500
- डीएलएड 7,500
- बीएससी, एमएससी, पोस्ट बेसिक नर्सिंग 9,800
- मास्टर आफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन 1,560
- मास्टर आफ इंजीनियरिंग 1,216