बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट प्रशासन ने राज्य की उच्च न्यायिक सेवा संवर्ग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 17 न्यायिक अफसरों का तबादला किया है। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किया गया है, जिसे आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपलोड कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, हाईकोर्ट लीगल सर्विस कमेटी के सचिव ओम प्रकाश जायसवाल को हाईकोर्ट का नया रजिस्ट्रार (ज्यूडिशियल) नियुक्त किया गया है। वहीं, जगदलपुर के प्रथम जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय सिंह राजपूत को जगदलपुर में ही स्पेशल जज एनआईए (NIA) कोर्ट की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रशासनिक बदलाव के तहत बलौदाबाजार के प्रधान जिला न्यायाधीश अब्दुल जाहिद कुरैशी को हाईकोर्ट में रजिस्ट्रार (विजिलेंस) नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, राकेश कुमार वर्मा को छत्तीसगढ़ न्यायिक अकादमी, बिलासपुर में अतिरिक्त निदेशक बनाया गया है। रूपनारायण पात्रे को हाईकोर्ट लीगल सर्विस कमेटी का सचिव नियुक्त किया गया है।
जिला न्यायाधीशों के स्तर पर भी अहम बदलाव किए गए हैं। सूरजपुर की प्रधान जिला न्यायाधीश विनिता वारनेर का तबादला बलौदाबाजार किया गया है, जबकि थामस एक्का को सूरजपुर का नया प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है। वहीं, हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार (न्यायिक) सुमित कपूर को रायपुर जिला एवं सत्र न्यायाधीश की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रायपुर, जगदलपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज और सारंगढ़ सहित कई जिलों में अतिरिक्त और जिला न्यायाधीशों के प्रभार में भी बदलाव किया गया है। इस फेरबदल से न्यायिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।
हाईटेक अस्पताल में 32 लाख रुपए के गबन का आरोप, कैशियर गिरफ्तार
CRPF कैंप से लापता आरक्षक का पेड़ पर मिला शव, घरेलू विवाद के बाद निकला था घर से
बारिश में जलती रही चिता, ऊपर तनी रही चादर: मांगरू के श्मशान ने खोली सरकारी दावों की पोल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft