कांकेर. CG News: कांकेर जिले के चारामा में बीते एक मार्च की रात मिली जलती कार और उसमें से गायब सिकदार परिवार के चारों सदस्य पुलिस को मिल गए हैं. वे और कहीं नहीं, अपने फार्महाउस में रह रहे थे, जहां से वे पोल्ट्री फार्म का संचालन करते हैं. पुलिस आज इस मामले का खुलासा करेगी कि आखिर क्यों वे अपने ही फार्महाउस में छिपकर रह रहे थे और उस दिन घटना क्या हुई थी.
बता दें कि एक मार्च की रात कांकेर जिले के चारामा में पुरी मार्ग पर कुछ लोगों ने देखा कि एक कार खंभे के पास खड़ी है और उसमें भीषण आग लग गई है. पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तलाशी लेने पर उसमें कोई नहीं मिला. बाद में पता चला कि उसमें पखांजुर निवासी समीरन सिकदार अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ था. वे सभी रायपुर से पखांजुर जाने के लिए निकले थे.
घटना के बाद धमतरी व रायपुर में आए थे नजर
चारों के रहस्यमयी ढंग से गायब हो जाने की ये घटना कांकेर पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी. बाद में हर जगह तलाशी और पतासाजी से पता चला कि वे धमतरी के एक लॉज में रुके हुए थे, जहां सीसीटीवी फुटेज में भी वे नजर आए थे. इसके बाद वे वापस रायपुर भी गए थे जहां से कुछ दस्तावेज व फोटो उन्हाेंने निकलवाए थे. अब जाकर पुलिस को वे चारों उनके ही फार्महाउस में मिले हैं. जल्द ही इस राज से भी पर्दा उठ जाएगा.
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft