Thursday ,September 17, 2026
होमछत्तीसगढ़मनेंद्रगढ़ में भालू का खूनी हमला, रिटायर्ड SECL कर्मी की मौत; चिरमिरी में भी 2 भालुओं से दहशत...

मनेंद्रगढ़ में भालू का खूनी हमला, रिटायर्ड SECL कर्मी की मौत; चिरमिरी में भी 2 भालुओं से दहशत

 Newsbaji  |  Sep 17, 2026 07:41 AM  | 
Last Updated : Sep 17, 2026 07:41 AM
मनेंद्रगढ़ में भालू के हमले में रिटायर्ड SECL कर्मी की मौत
मनेंद्रगढ़ में भालू के हमले में रिटायर्ड SECL कर्मी की मौत

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। जिले में भालुओं का आतंक बढ़ता जा रहा है। जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ के सिद्ध बाबा घाट के पास मंगलवार शाम भालू ने इवनिंग वॉक पर निकले एक रिटायर्ड SECL कर्मी पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

अचानक भालू ने किया हमला
जानकारी के मुताबिक, खोंगापानी के निवासी रिटायर्ड SECL कर्मी हरवंश (65) मंगलवार शाम टहलने के लिए निकले थे। वे सिद्ध बाबा पहाड़ी घाट के पास हनुमान मंदिर के आगे NH-43 पर पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक एक भालू ने उन पर हमला कर दिया। भालू ने अपने नुकीले पंजों से हरवंश के शरीर पर कई जगह गंभीर वार किए। हमले में वे बुरी तरह घायल हो गए और काफी खून बह गया। मौके से गुजर रहे राहगीरों ने उनकी मदद की और एंबुलेंस के जरिए उन्हें 220 बिस्तरीय सिविल अस्पताल मनेंद्रगढ़ पहुंचाया गया।

इलाज के दौरान हुई मौत
अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल हरवंश का उपचार शुरू किया, लेकिन उनकी हालत गंभीर थी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। वन विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता राशि देने का प्रयास किया गया, लेकिन परिजनों ने सहायता राशि लेने से इनकार कर दिया।

कई दिनों से इलाके में घूम रहे भालू
घटना के बाद स्थानीय लोगों में वन विभाग के प्रति नाराजगी भी देखने को मिल रही है। रहवासियों का कहना है कि मनेंद्रगढ़ शहर और आसपास के क्षेत्रों में कई दिनों से भालुओं का विचरण देखा जा रहा था। इसके बावजूद आबादी क्षेत्र के आसपास घूम रहे भालुओं को रेस्क्यू करने के लिए समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।

चिरमिरी के हल्दीबाड़ी में भी 2 भालू
उधर नगर निगम चिरमिरी के हल्दीबाड़ी इलाके में भी रात के समय 2 भालुओं को विचरण करते देखा गया। भालुओं के आबादी क्षेत्र के करीब पहुंचने से स्थानीय लोग भयभीत हैं। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और भालुओं को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू करने की मांग की है।

पिछले वर्ष भी हुआ था भालुओं का रेस्क्यू
मनेंद्रगढ़ क्षेत्र में भालुओं का आबादी क्षेत्र के आसपास विचरण पहले भी सामने आता रहा है। पिछले वर्ष दिसंबर में रायपुर और सरगुजा के विशेषज्ञों की मदद से एक मादा भालू को ट्रैंकुलाइज कर रेस्क्यू किया गया था। इस दौरान उसके 2 शावक भी पिंजरे में पकड़े गए थे।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft