Wednesday ,September 16, 2026
होमदेश-दुनियाUP Home Guard PET में बड़ा हादसा: दौड़ के दौरान 11 अभ्यर्थियों की बिगड़ी तबीयत, एक की मौत...

UP Home Guard PET में बड़ा हादसा: दौड़ के दौरान 11 अभ्यर्थियों की बिगड़ी तबीयत, एक की मौत

 Newsbaji  |  Sep 16, 2026 08:04 AM  | 
Last Updated : Sep 16, 2026 08:04 AM
होमगार्ड PET के दौरान 11 अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ी, एक की मौत
होमगार्ड PET के दौरान 11 अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ी, एक की मौत

मेरठ। उत्तर प्रदेश में होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के दौरान मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। मेरठ के कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित परीक्षा के दौरान दौड़ लगाते समय कई अभ्यर्थियों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान उपचाराधीन एक अभ्यर्थी की मौत हो गई।

मिली जानकारी के मुताबिक, मेरठ के सिविल लाइंस स्थित कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में मंगलवार को होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा में कुल 1,017 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इसी दौरान 11 अभ्यर्थियों की तबीयत अचानक खराब हो गई।

प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज भेजा गया
तबीयत बिगड़ने के बाद सभी प्रभावित अभ्यर्थियों को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज, मेरठ भेजा गया। पुलिस के अनुसार, उपचार के बाद आठ अभ्यर्थियों को स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि दो अभ्यर्थियों का उपचार जारी था।

बाथरूम जाते समय अचानक गिर पड़े अंकुज
उपचाराधीन अभ्यर्थियों में शामली जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के लिसाड़ गांव निवासी अंकुज मलिक (39) भी शामिल थे। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को अस्पताल में बाथरूम जाते समय अंकुज अचानक मूर्छित होकर गिर पड़े। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने प्रथम दृष्टया हृदयाघात की आशंका जताई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

गर्मी और उमस को माना जा रहा संभावित कारण
परीक्षा के दौरान 11 अभ्यर्थियों की तबीयत अचानक खराब होने के पीछे फिलहाल कोई आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है। मंगलवार को गर्मी, उमस और तेज धूप के कारण भी अभ्यर्थियों की तबीयत प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

40,422 पदों पर हो रही होमगार्ड भर्ती
बता दें कि उत्तर प्रदेश में होमगार्ड के करीब 40,422 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इसके तहत प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जा रही है। मेरठ में PET के दौरान हुई इस घटना से परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों और उनके परिजनों में चिंता का माहौल है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft