दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को लेकर महत्वपूर्ण बदलावों की घोषणा की है। एजेंसी ने अभ्यर्थियों से वर्षों से मिल रहे फीडबैक के आधार पर परीक्षा प्रक्रिया को अधिक छात्र-अनुकूल बनाने के लिए कई सुधार किए हैं। इनमें परीक्षा की अवधि बढ़ाने और रफ वर्क के लिए अतिरिक्त पेज उपलब्ध कराने जैसे अहम निर्णय शामिल हैं।
NTA के अनुसार, NEET UG 2026 का आयोजन 21 जून 2026 को किया जाएगा। इस बार अभ्यर्थियों को प्रश्न हल करने के लिए पहले की तुलना में अधिक समय मिलेगा, जिससे वे परीक्षा के दौरान बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।
परीक्षा अवधि बढ़ाकर 195 मिनट की गई
अब तक NEET UG के लिए 180 मिनट का समय निर्धारित था, लेकिन इस वर्ष इसे बढ़ाकर 195 मिनट कर दिया गया है। परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी।
NTA ने बताया कि, अतिरिक्त समय का उद्देश्य उपस्थिति दर्ज करने, हस्ताक्षर और अन्य परीक्षा संबंधी औपचारिकताओं में लगने वाले समय से अभ्यर्थियों के वास्तविक परीक्षा समय को प्रभावित होने से बचाना है।
रफ वर्क के लिए दोगुनी जगह
परीक्षा के दौरान गणना और अन्य कार्यों के लिए छात्रों को अब चार रफ वर्क पेज उपलब्ध कराए जाएंगे। पहले केवल 2 पेज दिए जाते थे। इस बदलाव से विशेष रूप से फिजिक्स और केमिस्ट्री जैसे विषयों में लंबी गणनाएं करने वाले छात्रों को राहत मिलेगी।
प्रश्न पुस्तिका का नया प्रारूप
NTA ने प्रश्न पुस्तिका के डिजाइन में भी बदलाव किया है। पहले रफ वर्क के सभी पेज पुस्तिका के अंत में दिए जाते थे, जिसे कई अभ्यर्थियों, विशेषकर बाएं हाथ से लिखने वाले छात्रों ने असुविधाजनक बताया था।
अब 2 रफ वर्क पेज प्रश्न पुस्तिका की शुरुआत में और 2 पेज अंत में दिए जाएंगे। यह व्यवस्था अंग्रेजी समेत सभी क्षेत्रीय भाषाओं की प्रश्न पुस्तिकाओं में लागू होगी।
छात्रों की सुविधा को प्राथमिकता
NTA का कहना है कि, परीक्षा डिजाइन में किए गए छोटे-छोटे बदलाव भी उम्मीदवारों के परीक्षा अनुभव को बेहतर बना सकते हैं। इसी उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। हालांकि एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की निष्पक्षता, सुरक्षा और पारदर्शिता के मानकों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
NEET UG 2026 के प्रमुख बदलाव
NTA ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि, वे एडमिट कार्ड और सूचना बुलेटिन में दिए गए निर्देशों को ध्यान से पढ़ें तथा परीक्षा केंद्र पर निर्धारित नियमों का पालन करें, ताकि परीक्षा का संचालन सुचारू रूप से हो सकें।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft