दिल्ली। इंडिया गठबंधन के सुप्रीम कोर्ट मार्च से पहले कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। इंदिरा भवन में पत्रकारों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार बहुत बड़ी गलती कर रही है। राहुल गांधी ने इस पूरे विवाद को जनता और सत्ता के बीच की लड़ाई बताते हुए कहा कि यह ‘जनता बनाम मोदी, शाह और ज्ञानेश’ की लड़ाई है।
दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि, इंडिया गठबंधन के मार्च को रोकने के लिए दिल्ली में बड़े पैमाने पर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। उन्होंने दावा किया कि लोगों को राजधानी आने से रोका जा रहा है और पूरी दिल्ली को किले में तब्दील कर दिया गया है।
राहुल गांधी के मुताबिक, दिल्ली में 20 से 30 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली पुलिस के करीब 50 फीसदी कर्मचारी भी उनकी बात से सहमत हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन में काम करने वाले लोग भी सरकार के रवैये से नाराज हैं। राहुल के अनुसार, पुलिसकर्मी सवाल उठा रहे हैं कि युवाओं के खिलाफ बल प्रयोग क्यों कराया जा रहा है, जबकि वे बच्चों के साथ बदसलूकी नहीं करना चाहते।
‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा और RSS से जुड़े लोग युवाओं पर अत्याचार कर रहे हैं और सरकार कथित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ उठ रही आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा क्यों नहीं दे रहे हैं। राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि विपक्ष को प्रदर्शन के लिए उचित जगह नहीं दी गई और प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर तक जाने से रोका जा रहा है।
राहुल गांधी का दावा- सरकार के 200 अधिकारी संपर्क में
अपने संबोधन में राहुल गांधी ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के करीब 200 अधिकारी विपक्ष के संपर्क में हैं और उन्हें अंदरूनी जानकारी दे रहे हैं।
राहुल गांधी ने कहा, “आपकी सरकार के 200 अफसर हमारे संपर्क में हैं और हमें जानकारी दे रहे हैं।” हालांकि, राहुल गांधी ने अपने इस दावे के समर्थन में अधिकारियों के नाम या अन्य कोई विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
CJI से मुलाकात नहीं मिलने पर क्या बोले राहुल?
राहुल गांधी ने बताया कि, उन्होंने और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत को पत्र लिखकर मुलाकात का समय मांगा था। उनके मुताबिक, उन्हें मुलाकात का समय नहीं मिला और जवाब में याचिका दायर करने को कहा गया।
राहुल गांधी ने कहा कि वह और इंडिया गठबंधन के सांसद सुप्रीम कोर्ट जाकर याचिका दायर करेंगे। इस कदम के जरिए विपक्ष कथित वोट चोरी के मुद्दे को न्यायिक स्तर पर उठाने की तैयारी कर रहा है।
डिप्टी कलेक्टर पर दहेज प्रताड़ना का आरोप, पत्नी की शिकायत पर पति और ससुराल वालों के खिलाफ केस दर्ज
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft