रायपुर। छत्तीसगढ़ में राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी और डिप्टी कलेक्टर मनोज बंजारे के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। उनकी पत्नी पूजा बंजारे ने पति और ससुराल पक्ष पर मारपीट करने, मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और लग्जरी कार के साथ 2 से 3 करोड़ रुपए दहेज मांगने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी के दूसरे दिन से प्रताड़ना का आरोप
जानकारी के अनुसार, आरंग क्षेत्र के ग्राम भानसोज निवासी पूजा बंजारे का विवाह जुलाई 2024 में धमतरी के जोधापुर वार्ड निवासी मनोज बंजारे के साथ हुआ था। मनोज बंजारे राज्य प्रशासनिक सेवा में डिप्टी कलेक्टर के पद पर कार्यरत हैं।
पूजा बंजारे का आरोप है कि शादी के दौरान उनके परिवार ने घरेलू सामान, सोने की चेन और अन्य उपहार दिए थे। इसके बावजूद विवाह के दूसरे दिन से ही कम दहेज लाने को लेकर ताने दिए जाने लगे। शिकायत के मुताबिक, समय के साथ प्रताड़ना बढ़ती गई।
लग्जरी कार और करोड़ों रुपए की मांग का आरोप
पीड़िता ने अपनी शिकायत में पति मनोज बंजारे, सास ललिता बंजारे और ससुर कोमल सिंह बंजारे पर लग्जरी कार और 2 से 3 करोड़ रुपये नकद मांगने का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार, 4 जनवरी 2025 को पति ने कथित तौर पर मायके की जमीन बेचकर 2 से 3 करोड़ रुपए लाने का दबाव बनाया। पीड़िता का आरोप है कि मांग पूरी करने से इनकार करने पर उनके साथ मारपीट की गई।
गर्भावस्था और प्रसव के बाद भी परेशानी का दावा
पूजा बंजारे ने आरोप लगाया कि गर्भावस्था और प्रसव के दौरान भी उन्हें प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। बच्चे के जन्म के बाद पति ने उन्हें मायके में ही छोड़ दिया। शिकायत में आगे बताया गया है कि 2 सितंबर 2026 को पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने ग्राम भानसोज स्थित मायके में उनके साथ मारपीट की।
काउंसलिंग के बाद भी नहीं हुआ समझौता
मामले की शिकायत महिला थाने में की गई, जहां परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया गया। हालांकि, काउंसलिंग के बावजूद बात नहीं बनी। इसके बाद पुलिस ने डिप्टी कलेक्टर मनोज बंजारे और उनके परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।
राहुल गांधी का मोदी सरकार पर बड़ा हमला, बोले- ‘यह जनता बनाम मोदी, शाह और ज्ञानेश की लड़ाई’
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft