Sunday ,September 27, 2026
होमदेश-दुनियामाता-पिता को सरप्राइज देने निकला परिवार रास्ते में बिछड़ा, समृद्धि महामार्ग पर भीषण हादसे में तीन की मौत...

माता-पिता को सरप्राइज देने निकला परिवार रास्ते में बिछड़ा, समृद्धि महामार्ग पर भीषण हादसे में तीन की मौत

 Newsbaji  |  Sep 27, 2026 10:09 AM  | 
Last Updated : Sep 27, 2026 10:09 AM
समृद्धि महामार्ग हादसे में पति-पत्नी और 7 वर्षीय बेटे की मौत
समृद्धि महामार्ग हादसे में पति-पत्नी और 7 वर्षीय बेटे की मौत

पुणे। छोटे भाई की शादी की तैयारियों में शामिल होने और माता-पिता को अचानक सरप्राइज देने के लिए पुणे से जालना रवाना हुआ एक परिवार समृद्धि महामार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में पति-पत्नी और उनके 7 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।

यह दर्दनाक हादसा शनिवार दोपहर करीब 12:00 बजे समृद्धि महामार्ग के नागपुर कॉरिडोर पर वेरुल इलाके में चैनल नंबर 449 के पास हुआ। मृतकों की पहचान प्रतीक रामकिसन जगदाले (35), उनकी पत्नी श्रेया प्रतीक जगदाले (32) और बेटे रुद्रांश प्रतीक जगदाले (7) के रूप में हुई है। प्रतीक आईटी इंजीनियर थे।

सुबह 6 बजे पुणे से निकला था परिवार
जानकारी के मुताबिक, जगदाले परिवार मूल रूप से जालना का रहने वाला था और वर्तमान में पुणे के मुलशी इलाके में रह रहा था। छोटे भाई की शादी की तैयारियों के चलते परिवार जालना जाने के लिए शनिवार सुबह करीब 6 बजे कार से पुणे से रवाना हुआ था।

बताया जा रहा है कि प्रतीक ने अपने माता-पिता को पहले से इसकी जानकारी नहीं दी थी। वह परिवार के साथ अचानक जालना पहुंचकर उन्हें सरप्राइज देना चाहते थे। लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया।

झपकी आने से कार पर से छूटा नियंत्रण
वेरुल इलाके में पहुंचने के दौरान चालक को अचानक झपकी आ गई। इससे तेज रफ्तार कार पर से नियंत्रण छूट गया और कार आगे चल रहे गुजरात नंबर के ट्रक में पीछे से जा घुसी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रक के पिछले हिस्से के नीचे घुस गया। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों लोग अंदर फंस गए।

राहत दल ने कार काटकर निकाला बाहर
हादसे की सूचना मिलते ही हाईवे सुरक्षा पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल (QRV) की मदद ली गई। राहत दल ने क्षतिग्रस्त कार को काटकर तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

शादी की खुशियां मातम में बदलीं
एक ओर परिवार में छोटे भाई की शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहीं दूसरी ओर माता-पिता को सरप्राइज देने के लिए निकला परिवार हमेशा के लिए उनसे बिछड़ गया। हादसे की खबर जालना स्थित पैतृक गांव पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। जगदाले परिवार पर एक साथ तीन मौतों से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft