Saturday ,October 10, 2026
होमदेश-दुनियाजंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन से पहले दिल्ली में हाई अलर्ट! 20 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात, मेट्रो-रेल सेवाएं बंद...

जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन से पहले दिल्ली में हाई अलर्ट! 20 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात, मेट्रो-रेल सेवाएं बंद

 Newsbaji  |  Oct 10, 2026 09:40 AM  | 
Last Updated : Oct 10, 2026 09:45 AM
जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन से पहले दिल्ली में हाई अलर्ट, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन से पहले दिल्ली में हाई अलर्ट, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

दिल्ली। राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हलचल तेज हो गई है। जंतर-मंतर से लेकर दिल्ली की सीमाओं तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है। बताया जा रहा कि, 20 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों की तैनाती, मेट्रो स्टेशनों को बंद किए जाने और रेल सेवाओं पर असर पड़ने के दावों ने राजधानी के माहौल को चर्चा में ला दिया है। हालांकि, ट्रेनों और मेट्रो सेवाओं से जुड़ी इन खबरों की आधिकारिक पुष्टि जरूरी है।

इस बीच, CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल उठाए हैं कि आखिर सरकार अपने ही देश के युवाओं और नागरिकों से इतना डर क्यों रही है? वहीं, पर्यावरणविद सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिल्ली के प्रदर्शन में शामिल नहीं हो पाने की वजह बताई है। 

सोनम वांगचुक दिल्ली में क्यों नहीं होंगे शामिल? पोस्ट में बताई अपनी तैयारी
पर्यावरणविद और एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर स्पष्ट किया कि वह दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान लोगों के साथ शामिल नहीं हो पाएंगे। उन्होंने बताया कि उनकी टीम आने वाली सर्दियों की तैयारियों में जुटी हुई है।

सोनम वांगचुक: https://x.com/wangchuk66/status/2108581360764059902?s=48

वांगचुक के मुताबिक, उनकी टीम पानी की सुरक्षा के लिए कृत्रिम ग्लेशियर बनाने और ग्लेशियर झीलों में अचानक आने वाली बाढ़ यानी ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (GLOF) से बचाव के उपायों पर प्रयोग कर रही है। इसका मकसद ऊंचे हिमालय में मौजूद 200 से अधिक संभावित खतरनाक ग्लेशियर झीलों से जुड़े जोखिम को कम करना है।

अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा, "और भी गम हैं जमाने में सियासत के सिवा, राहतें और भी हैं वस्ल की राहत के सिवा।" उनके इस संदेश को पर्यावरण संरक्षण और हिमालयी क्षेत्रों में पानी की सुरक्षा से जुड़े उनके काम के संदर्भ में देखा जा रहा है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, सीमाओं पर सघन चेकिंग
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, दक्षिण दिल्ली सहित कई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। अंतरराज्यीय और अंतरजिला सीमाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि अनधिकृत लोगों को दिल्ली में प्रवेश करने से रोकने के लिए जांच की जा रही है और प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि दिन शांतिपूर्ण तरीके से गुजरे।

राजधानी में सुरक्षा इंतजामों को लेकर लोगों के बीच कई सवाल भी उठ रहे हैं। खासकर सार्वजनिक परिवहन पर संभावित असर को लेकर यात्रियों की चिंता बढ़ सकती है। हालांकि, मेट्रो स्टेशनों के बंद होने और ट्रेनों के रद्द किए जाने की स्थिति जानने के लिए संबंधित विभागों की आधिकारिक सूचना देखना जरूरी है।

अभिजीत दिपके का सवाल- अपने ही नागरिकों से क्यों डर रही सरकार?
CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि उन्हें हैरानी होती है कि देश के प्रधानमंत्री युवाओं और आम लोगों से इतना क्यों डरते हैं।

दिपके ने कथित तौर पर रेल सेवाओं पर रोक, मेट्रो बंद किए जाने, इंटरनेट सेवाएं बाधित होने और सड़कों को ब्लॉक किए जाने पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि क्या सरकार अपने ही नागरिकों के खिलाफ जंग छेड़ना चाहती है? साथ ही, उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का जिक्र करते हुए सवाल किया कि क्या उनके लिए इतनी बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती जरूरी है?

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft