बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। जिसमें एक शख्स ने 2.50 लाख को 2.50 करोड़ रुपए बनाने का झांसा दिया। कथित तांत्रिक विजय कुमार राज ने बिल्हा के सबंलपुरी में कांग्रेस समर्थित सरपंच पति के घर अनुष्ठान का वीडियो बनाया। जिसमें पैसों की गड्डी के सामने नारियल, अगरबत्ती को रखकर पूजा-पाठ किया। फिर अचानक ऊपर से पैसों की बारिश कराई।
तांत्रिक व उनके साथी की पिटाई
जानकारी के अनुसार, झांसे में आकर कोरिया जिले के 4 लोगों ने पैसा दे दिया। लेकिन जब उन्हें ठगी का एहसास हुआ, तो वे अपना पैसा वापस मांगने गए। तब तक तांत्रिक और उसके 4 साथी मौके से भाग निकलें। पीड़ितों ने उन लोगों का पीछा किया और उन्हें बीच सड़क पर रोककर पिटाई कर दी। मामला रतनपुर थात्रा क्षेत्र का है। पुलिस ने दोनों पक्ष के आरोपियों पर कार्रवाई कर दी है। ठगी में कथित तांत्रिक संग 3 महिलाएं और 1 सरपंच पति भी शामिल। आरोपी रिखीराम नवरंग बिल्हा के गांव संबलपुर से सरपंच पति है और कांग्रेस समर्पित नेता भी है। वह तांत्रिक के अनुष्ठान में सहयोग देता था।
महिलाएं भी थी शामिल
बताया जा रहा कि, विजय कुमार राज खुद को तांत्रिक बताता था। तीनों महिलाएं लोगों को झांसे में लाने का काम करती थी। लाखों रुपयों को करोड़ों में बदलने का दावा करती थी। इसी दावे के साथ 30 जनवरी 2026 को कोरिया निवासी 4 युवकों को बिल्हा बुलाया गया, पैसों की बारिश का नाटक रचा और उनसे 2.50 लाख रुपए ठग लिए गए।
तांत्रिक की पिटाई व लूट
तांत्रिक विजय कुमार राज कोरबा जिले के दीपका का रहने वाला है। वह 31 जनवरी 2026 को ठंगी के पैसों को लेकर जा रहा था। इसी दौरान रात करीब 3:30 बजे रतनपुर में एक ढाबे के पास टॉयलेट के लिए उसने अपनी कार रोकी। तभी 2 कार वहां आकर रुकी, जिसमें से ठगी के शिकार हुए, 4 पीड़ित उतरे और फिल्मी स्टाइल में विजय के साथ मारपीट शुरु कर दी। जिसके बाद हमलावर उसकी कार, 3 मोबाइल और करीब 8 हजार रुपए कैश लूटकर फरार हो गए।
इस वारदात की सूचना मिलते ही जिले के SSP रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। जहां टीम ने 2 फरवरी 2026 को लूट मारपीट के चारों आरोपियों को सरगुजा और कोरिया जिले से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि, उन्होंने बदले की भावना से वारदात को अंजाम दिया है। विजय कुमार राज ने तंत्र विद्या और पूजा-पाठ से पैसे बढ़ाने का झांसा दिया था। जिसके बाद उनसे पैसे वसूलकर घूमाने लगा और पैसों को वापस नहीं कर रहा था।
SSP ने की अपील
बिलासपुर जिले के SSP रजनेश सिंह ने कहा कि, झाड़-फूंक या तंत्र विद्या से पैसे डबल करने का झांसा देने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि, ऐसे फर्जी दावों के झांसे में कतई न आए। ऐसे लोग भोले-भाले लोगों को लालच देकर ठगी का शिकार बनाते है, जिनसे सावधान रहने की जरुरत है।
CG POLICE में बड़ा फेरबदल: 29 निरीक्षक समेत 30 पुलिसकर्मियों का तबादला
38 लाख की ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार, 3 महीने में पैसा डबल करने का दिया था झांसा
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft