रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 85 किलो गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही महिंद्रा कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 58 लाख रुपये है। प्रारंभिक पूछताछ में गांजा ओडिशा के बलांगीर से लाकर रायपुर में बेचने के लिए ले जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और संभावित खरीदारों की तलाश कर रही है।
मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम ने दी दबिश
पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के दुर्गा चौक मैदान के पास एक चारपहिया वाहन में गांजा रखकर बिक्री की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस उपायुक्त अपराध एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिविल लाइंस पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस ने मुखबिर के बताए वाहन की पहचान कर उसमें सवार तीन लोगों से पूछताछ की। आरोपियों की पहचान मध्यप्रदेश के सागर निवासी अनीश साहू, मंडला निवासी राकेश साहू और महासमुंद जिले के सूरज कलेत के रूप में हुई।
कार की डिक्की से बरामद हुआ 85 किलो गांजा
संदिग्ध वाहन की तलाशी लेने पर कार की डिक्की में अलग-अलग पैकेटों में रखा 85 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे की कीमत करीब 42 लाख 50 हजार रुपए आंकी है। इसके अलावा गांजा तस्करी में इस्तेमाल महिंद्रा कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 58 लाख रुपए है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सिविल लाइंस थाने में अपराध दर्ज किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के बलांगीर से लाकर रायपुर में किसी अन्य व्यक्ति को बेचने के उद्देश्य से ले जाने की जानकारी दी है। हालांकि, गांजा उपलब्ध कराने वाले लोगों और इसे खरीदने वाले संभावित व्यक्तियों के संबंध में पुलिस की जांच जारी है।
तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस
पुलिस अब गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। जांच के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा किससे खरीदा गया, उसे रायपुर तक कैसे पहुंचाया गया और आगे किसे बेचा जाना था। जब्त मोबाइल फोन, वाहन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है।
NDPS के 92 मामलों में 204 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के मुताबिक, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने अब तक NDPS एक्ट के 92 मामलों में 204 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन मामलों में गांजा, प्रतिबंधित नशीली गोलियां, एमडीएमए, पार्टी पिल्स, कोकीन, प्रतिबंधित सिरप, डोडा, हेरोइन, ब्राउन शुगर और अफीम सहित विभिन्न नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं।
इसके अलावा नकदी, चारपहिया और दोपहिया वाहन, मोबाइल फोन तथा हथियार भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, इन सभी मामलों में जब्त सामग्री की कुल कीमत 7 करोड़ 9 लाख 98 हजार रुपए है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
बीड में मौत बनकर दौड़ी कार! बस से भीषण टक्कर में 5 की दर्दनाक मौत, सड़क ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग
पप्पू यादव का बड़ा ऐलान या विवादित बयान? छेड़खानी करने वालों का हाथ काटकर लाने पर देंगे 2 लाख रुपए
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft