Monday ,June 08, 2026
होमजुर्मछत्तीसगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 400 किलो से अधिक गांजा जब्त, एक नाबालिग समेत 5 हिरासत में...

छत्तीसगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 400 किलो से अधिक गांजा जब्त, एक नाबालिग समेत 5 हिरासत में

 Newsbaji  |  Jun 08, 2026 01:46 PM  | 
Last Updated : Jun 08, 2026 01:46 PM
धमतरी में 400 किलो से अधिक गांजा जब्त, पुलिस की बड़ी कार्रवाई
धमतरी में 400 किलो से अधिक गांजा जब्त, पुलिस की बड़ी कार्रवाई

धमतरी। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। श्यामतराई वनोपज जांच नाका पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 400 किलो से अधिक गांजा बरामद किया है। इस मामले में एक नाबालिग सहित पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गांजे की तस्करी एक कार और पिकअप वाहन के माध्यम से की जा रही थी। दोनों वाहन जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रहे थे। जांच के दौरान अर्जुनी थाना पुलिस की टीम ने वाहनों को रोककर तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार, तस्करों ने पिकअप वाहन में फोम की परतों के बीच गांजा के पैकेट छिपाकर रखे थे, ताकि जांच के दौरान पुलिस की नजर से बचा जा सके। हालांकि पुलिस जांच के चलते तस्करों की यह कोशिश सफल नहीं हो सकी। 
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 96 पैकेट गांजा जब्त किया है। बरामद गांजे का कुल वजन 400 किलो से अधिक बताया जा रहा है। इसकी बाजार कीमत लाखों रुपए आंकी जा रही है।

मामले में एक नाबालिग समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर गांजे की खेप के स्रोत और गंतव्य के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास भी किया जा रहा है।

पुलिस सूत्रों का मानना है कि, पूछताछ में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह से जुड़े महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। धमतरी पुलिस जल्द ही इस कार्रवाई को लेकर आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी साझा कर सकती है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft