बलरामपुर. छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती जिले बलरामपुर में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. यहां बस में सवार होकर एक नाबालिग 2 लाख रुपये के अफीम और डोडे लेकर स्मगलिंग कर रहा था. उसे पकड़ा गया. इसके अलावा लग्जरी कारों में महंगी शराब के साथ भी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
बता दें कि होली पर्व नजदीक होने से शराब समेत अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी की आशंका बढ़ गई है. लिहाजा पुलिस भी सक्रिय हो गई है. उत्तर प्रदेश, झारखंड और मध्य प्रदेश समेत अन्य राज्यों से लगे हुए जिलों और सीमा चौकियों पर खास सतर्कता बरती जा रही है. नियमित रूप से वाहनों की जांच भी हो रही है.
इसी के तहत बलरामपुर जिले में भी पुलिस लगातार जांच और कार्रवाई में जुटी है. इसी कड़ी में बसंतपुर पुलिस द्वारा एक बस की जांच में नाबालिग के बैग की तलाशी लेने पर उसमें अफीम और डोडा पाया गया. पुलिस अब नाबालिग को पकड़ने के साथ ही गिरोह के बारे में पतासाजी करने में जुट गई है.
इसी तरह वाड्रफनगर के सरहदी इलाके से लग्जरी गाड़ियों में अवैध शराब की खेप पकड़ी गई है. इन गाड़ियों में महंगी शराब की छत्तीसगढ़ में सप्लाई की जा रही थी. इस मामले में भी आरोपियों को गिरफ्तार कर 3 लग्जरी गाड़ियां व शराब जब्त की गई हैं.
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft