Sunday ,July 12, 2026
होमजुर्ममहादेव नेटवर्क पर सबसे बड़ा शिकंजा! श्रीलंका में 147 भारतीय हाउस अरेस्ट, नौकरी के नाम पर भेजे गए थे सट्टा पैनल में...

महादेव नेटवर्क पर सबसे बड़ा शिकंजा! श्रीलंका में 147 भारतीय हाउस अरेस्ट, नौकरी के नाम पर भेजे गए थे सट्टा पैनल में

 Newsbaji  |  Jul 12, 2026 11:52 AM  | 
Last Updated : Jul 12, 2026 11:52 AM
श्रीलंका में महादेव बेटिंग नेटवर्क पर कार्रवाई, 147 भारतीय हाउस अरेस्ट
श्रीलंका में महादेव बेटिंग नेटवर्क पर कार्रवाई, 147 भारतीय हाउस अरेस्ट

रायपुर/कोलंबो। महादेव ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क पर शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। श्रीलंका में कथित ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट के खिलाफ स्थानीय पुलिस की बड़ी कार्रवाई के बाद भारत के 147 युवकों को हाउस अरेस्ट किए जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें छत्तीसगढ़ के भिलाई, दुर्ग, रायपुर और राजनांदगांव के अलावा उत्तर प्रदेश व बिहार के युवक भी शामिल बताए जा रहे हैं। सभी के पासपोर्ट और वीजा जब्त कर जांच की जा रही है।

नौकरी का दिया गया लालच
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवकों को निजी कंपनी में नौकरी, 45 हजार रुपए मासिक वेतन, मुफ्त रहने और खाने का लालच देकर श्रीलंका भेजा गया था। लेकिन कार्रवाई के बाद परिजनों को पता चला कि वे कथित तौर पर ऑनलाइन बेटिंग पैनल में काम कर रहे थे।

फरार हुआ कथित ऑपरेटर, पुलिस की दबिश जारी
सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे नेटवर्क से जुड़े बताए जा रहे सिकंदर प्रसाद की तलाश तेज कर दी गई है। बताया जा रहा है कि श्रीलंका में कार्रवाई की भनक लगते ही वह दुबई से भारत लौट आया और फिलहाल फरार है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

छावनी CSP प्रशांत पैकरा ने बताया कि, सिकंदर के जन्मदिन की पार्टी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन वह वहां नहीं मिला। उसकी तलाश जारी है।

दुबई तक पहुंची जांच
महादेव ऐप के कथित प्रमोटरों सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल के खिलाफ भी भारतीय जांच एजेंसियां कार्रवाई आगे बढ़ा रही हैं। सूत्रों के अनुसार, दुबई स्थित उनकी कथित संपत्तियों और गतिविधियों से जुड़ी जानकारी भारतीय दूतावास के माध्यम से साझा की गई है, जिसके बाद वहां भी कार्रवाई तेज होने की बात कही जा रही है।

रायपुर में 250 से ज्यादा गिरफ्तार, 40 FIR दर्ज
महादेवबुक सट्टा मामले में रायपुर पुलिस अब तक 250 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें अधिकांश ID और पैनल ऑपरेट करने वालों के लिए काम करने वाले लोग हैं। वहीं, मुख्य पैनल संचालकों की गिरफ्तारी अभी भी सीमित रही है।

छत्तीसगढ़ के विभिन्न थानों में महादेवबुक मामले से संबंधित करीब 40 FIR दर्ज हैं। इनमें सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल और शुभम सोनी समेत कई लोगों को आरोपी बनाया गया है। मामले की जांच अभी जारी है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft