Sunday ,September 27, 2026
होमछत्तीसगढ़डीओ यूनिट में फंसा सांप, 500 से ज्यादा घरों-दुकानों की बिजली गुल...

डीओ यूनिट में फंसा सांप, 500 से ज्यादा घरों-दुकानों की बिजली गुल

 Newsbaji  |  Sep 27, 2026 05:35 PM  | 
Last Updated : Sep 27, 2026 05:35 PM
DO यूनिट में फंसा पांच फीट लंबा सांप, 500 से अधिक उपभोक्ताओं की बिजली गुल
DO यूनिट में फंसा पांच फीट लंबा सांप, 500 से अधिक उपभोक्ताओं की बिजली गुल

भिलाई। चंद्रा मौर्या टॉकीज के पास शनिवार को बिजली कंपनी के कर्मचारियों को एक अनोखे फाल्ट ने घंटों परेशान किया। 11 केवी लाइन के खंभे पर लगे डीओ यूनिट के बीच करीब पांच फीट लंबा सांप फंस गया था। करंट की चपेट में आने से सांप की मौत हो गई और इसके कारण लाइन में फाल्ट आ गया। फाल्ट की वजह सामने आने तक 500 से अधिक उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बाधित रही। इनमें घरों के अलावा दुकानें और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी शामिल थे।

शिकायत के बाद मौके पर पहुंची टीम
रात से बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायत मिलने के बाद बिजली कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। टीम ने 11 केवी लाइन और आसपास लगे विद्युत उपकरणों की जांच शुरू की, लेकिन काफी देर तक फाल्ट का कारण पता नहीं चल सका। इसके बाद कर्मचारियों ने फुट पेट्रोलिंग शुरू की। टीम ने एक-एक खंभे की बारीकी से जांच की। इसी दौरान एक डीपी पोल पर लगे डीओ यूनिट के बीच करीब पांच फीट लंबा मरा हुआ सांप लटका दिखाई दिया।

डीओ यूनिट से सांप निकालना भी बना चुनौती
सांप डीओ यूनिट के बीच फंसा हुआ था। उसे हटाना कर्मचारियों के लिए चुनौतीपूर्ण था। कर्मचारियों ने सावधानी बरतते हुए सांप को वहां से हटाया। इसके बाद डीओ यूनिट और 11 केवी लाइन की दोबारा जांच की गई। तकनीकी जांच पूरी होने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल की गई।

कैसे पहुंचा खंभे के ऊपर, स्पष्ट नहीं
सांप बिजली के खंभे के ऊपर तक कैसे पहुंचा, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। बिजली कंपनी के कर्मचारियों के अनुसार, असढ़िया प्रजाति के सांप अक्सर बिजली के खंभों पर ऊपर तक पहुंच जाते हैं। संभवतः इसी दौरान सांप डीओ यूनिट के बीच फंस गया और करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।

बिजली कटौती से प्रभावित हुआ कामकाज
फाल्ट के कारण 500 से अधिक उपभोक्ताओं को घंटों बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। घरेलू उपभोक्ताओं के साथ ही आसपास की दुकानों और अन्य व्यावसायिक परिसरों में भी बिजली आपूर्ति बाधित रहने से कामकाज प्रभावित हुआ।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft