Friday ,September 25, 2026
होमछत्तीसगढ़बालोद सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत, 7 गंभीर घायल रायपुर रेफर; NH-30 पर ट्रक ने पिकअप को मारी जोरदार टक्कर...

बालोद सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत, 7 गंभीर घायल रायपुर रेफर; NH-30 पर ट्रक ने पिकअप को मारी जोरदार टक्कर

 Newsbaji  |  Sep 25, 2026 05:24 PM  | 
Last Updated : Sep 25, 2026 05:24 PM
मरकाटोला घाटी में भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से 6 लोगों की मौत, 7 गंभीर घायल
मरकाटोला घाटी में भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से 6 लोगों की मौत, 7 गंभीर घायल

बालोद। जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है। हादसे में घायल एक और व्यक्ति ने धमतरी जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं 7 घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया जा रहा है।

मरकाटोला घाटी में हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, बालोद जिले के पुरूर थाना क्षेत्र की मरकाटोला घाटी में डीजे से जुड़ा स्वराज माजदा पिकअप वाहन क्रमांक CG 10 BU 7174 सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान रायपुर से जगदलपुर की ओर जा रहे धान से लदे तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक CG 04 QY 5947 ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी।

बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन में 13 लोग सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

इलाज के दौरान चार और लोगों की मौत
हादसे के बाद घायलों को सबसे नजदीकी और बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए धमतरी जिला अस्पताल लाया गया। यहां उपचार के दौरान चार और घायलों ने दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। 7 गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया जा रहा है।

ट्रक पलटा, नीचे दबे व्यक्ति को पुलिस ने निकाला
पिकअप को टक्कर मारने के बाद ट्रक कुछ दूर जाकर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक के नीचे एक व्यक्ति दब गया था। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

ट्रक चालक हादसे के बाद फरार
घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक और घायल कवर्धा तथा आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।

बालोद DSP माया शर्मा ने बताया कि, पुरूर थाना क्षेत्र के मरकाटोला घाटी में धान से लदे ट्रक ने पिकअप वाहन को टक्कर मारी। हादसे में छह लोगों की मौत हुई है, जबकि सात लोग घायल हैं। सभी सात घायलों की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें धमतरी जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया जा रहा है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft