दुर्ग। जेवरा सिरसा-भटगांव क्षेत्र अंतर्गत शिवनाथ नदी में मछली पकड़ने के दौरान गहरे पानी में डूबे युवक का शव 3 दिन बाद SDRF की टीम ने बरामद कर लिया। 20 सितंबर को हुई घटना के बाद से SDRF के प्रशिक्षित गोताखोर लगातार नदी में युवक की तलाश कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार पवन कुमार ठाकुर (25 वर्ष), निवासी घासीदास नगर, जामुल, 20 सितंबर को शिवनाथ नदी में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान वह अचानक नदी के गहरे पानी में समा गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन ने तत्काल रेस्क्यू टीम को सूचना दी।
जिला सेनानी, दुर्ग के समन्वय से SDRF की प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम ने मौके पर पहुंचकर मोटर बोट, डीप डाइविंग किट, लाइफ बॉय, लाइफ जैकेट और सर्च हुक की सहायता से नदी के गहरे जलक्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
बड़ा सर्च ऑपरेशन
शिवनाथ नदी में तेज बहाव और गहरे जलक्षेत्र के कारण रेस्क्यू टीम को काफी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद SDRF के जवानों और प्रशिक्षित गोताखोरों ने लगातार तीन दिनों तक नदी में सर्च ऑपरेशन जारी रखा। 22 सितंबर को ऑपरेशन के तीसरे दिन SDRF के गोताखोरों को ग्राम डांडेसरा के पास शिवनाथ नदी में युवक का शव मिला। टीम ने शव को पानी से सुरक्षित बाहर निकाला।
शव बरामद होने के बाद उसे पंचनामा कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की गई।
SDRF की तत्परता से तीन दिन बाद मिली सफलता
लगातार तेज बहाव और गहरे पानी के बीच SDRF की टीम द्वारा चलाए गए सर्च ऑपरेशन में आखिरकार तीसरे दिन सफलता मिली। घटना के बाद से परिजन युवक की तलाश को लेकर चिंतित थे। शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में मातम छा गया।
महासमुंद में 117 किलो गांजा जब्त, नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार
नगांव में कांग्रेस नेताओं के काफिले पर पथराव, भूपेश बघेल बोले- वाहनों पर फेंका गया एसिड
स्क्रब टाइफस से युवक की मौत, जांजगीर-चांपा में बढ़ी चिंता; 40-45 संदिग्ध मरीज सामने आए
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft