Sunday ,September 20, 2026
होमजुर्मउधारी रकम को लेकर युवक को जबरन ले जाकर पीटा, तीन गिरफ्तार...

उधारी रकम को लेकर युवक को जबरन ले जाकर पीटा, तीन गिरफ्तार

 Newsbaji  |  Sep 19, 2026 06:08 PM  | 
Last Updated : Sep 19, 2026 06:08 PM
उधारी रकम को लेकर युवक से मारपीट, तीन आरोपी गिरफ्तार
उधारी रकम को लेकर युवक से मारपीट, तीन आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव। उधारी रकम वापस नहीं करने की बात को लेकर एक युवक को कथित तौर पर जबरन अपने साथ ले जाकर घर में बंद कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। बसंतपुर पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी का बैट और आई-क्यूब स्कूटी भी जब्त की है।

पुलिस के मुताबिक, ठेठवारपारा निवासी सन्नी पंसारी ने थाना बसंतपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने सदर बाजार निवासी दीपक जैन और सौरभ जैन से करीब तीन लाख रुपये उधार लिए थे। वह इस रकम की प्रतिमाह किश्त चुका रहा था।

दुर्गा चौक के पास जबरन ले जाने का आरोप
शिकायत के अनुसार, 18 सितंबर को सन्नी समदा अस्पताल से अपने घर लौट रहा था। दोपहर करीब 1:30 बजे दुर्गा चौक के पास सौरभ जैन, दीपक जैन और उनके एक साथी ने उसे कथित तौर पर जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाया और अपने घर ले गए।

आरोप है कि घर पहुंचने के बाद शटर बंद कर आरोपियों ने उससे उधारी की रकम वापस करने की मांग की। सन्नी ने तत्काल रकम नहीं होने की बात कही तो तीनों ने कथित तौर पर लकड़ी के बैट और हाथ-मुक्कों से उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को पकड़ा
पीड़ित की शिकायत पर बसंतपुर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई।

थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सौरभ जैन (25), दीपक जैन (50) और करण साहू (30) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल लकड़ी का बैट और आई-क्यूब स्कूटी क्रमांक CG-08-AY-7009 जब्त की गई है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft