Thursday ,July 02, 2026
होमछत्तीसगढ़बैकुण्ठपुर में बारिश ने खोली नगरपालिका की तैयारियों की पोल, घरों में घुस रहा गंदा पानी, लोगों में भारी नाराजगी...

बैकुण्ठपुर में बारिश ने खोली नगरपालिका की तैयारियों की पोल, घरों में घुस रहा गंदा पानी, लोगों में भारी नाराजगी

 Newsbaji  |  Jul 02, 2026 08:48 AM  | 
Last Updated : Jul 02, 2026 08:48 AM
घरों में घुसा गंदा पानी, लोगों में भारी आक्रोश, प्रशासन मौन
घरों में घुसा गंदा पानी, लोगों में भारी आक्रोश, प्रशासन मौन

कोरिया। जिले के बैकुण्ठपुर नगरपालिका क्षेत्र में बारिश ने एक बार फिर नगरीय प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रुक-रुक कर हो रही बारिश के बीच नगर के कई वार्डों में जलभराव की गंभीर स्थिति बन गई है। हालात ऐसे हैं कि सड़कों और नालियों का गंदा पानी अब लोगों के घरों तक पहुंच रहा है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

नगरीय प्रशासन की लापरवाही
स्थानीय लोगों का आरोप है कि, नगरपालिका की लापरवाही के कारण हर वर्ष बरसात के दौरान यही स्थिति बनती है, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाते। लोगों का कहना है कि बारिश से पहले न तो नालियों और नालों की नियमित सफाई कराई जाती है और न ही जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने पर ध्यान दिया जाता है।

कुंभकर्णी नींद में प्रशासन
रहवासियों के मुताबिक, उन्होंने कई बार इस समस्या को लेकर नगरीय प्रशासन के अफसरों और नगरपालिका में शिकायत की, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। लोगों का कहना है कि जिम्मेदार अफसर हर वर्ष तैयारियों के दावे करते हैं, लेकिन पहली ही बारिश में उन दावों की हकीकत सामने आ जाती है।

राहत की मांग
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि, नगर में सफाई व्यवस्था और जल निकासी को लेकर गंभीर लापरवाही बरती जा रही है, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल राहत और स्थायी समाधान की मांग की है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft