Friday ,April 24, 2026
होमछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ में मानसून अलर्ट, सरगुजा संभाग में भारी बारिश की चेतावनी...

छत्तीसगढ़ में मानसून अलर्ट, सरगुजा संभाग में भारी बारिश की चेतावनी

 Newsbaji  |  Jun 20, 2025 08:50 AM  | 
Last Updated : Jun 20, 2025 08:50 AM
प्रदेश में मानसून सक्रिय हो गया, कई जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट
प्रदेश में मानसून सक्रिय हो गया, कई जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो चुका है। शुक्रवार को कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने सरगुजा संभाग में भारी बारिश चेतावनी दी है। इसके अलावा बीजापुर, कांकेर, दंतेवाड़ा, रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव, बालोद, सुकमा समेत अन्य जिलों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। 

मौसम विभाग की माने अगले तीन दिनों तक ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि, बारिश के दौरान पेड़ के नीचे या फिर खुली जगहों में ना जाए। बारिश के मौसम में अपने घरों में ही रहें। वहीं, अगले तीन दिनों तक सरगुजा संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बीते 24 घंटों में उत्तर छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में मध्यम बारिश दर्ज की गई है।

उत्तरी छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में अगले 24 घंटे के दौरान भारी से अतिभारी बारिश होने की संभावना है। दूसरी ओर जशपुर जिले में लगातार 60 घंटे से बारिश हो रही है। इस दौरान 468.7 मिमी पानी गिर चुका है। लगातार बारिश से ईब, डोड़की, लावा, मैनी और कपरी जैसी नदियां उफान पर हैं। कई जगहों पर रपटे और पुल-पुलिया के ऊपर से पानी बह रहा है, जिससे आवाजाही बाधित हो गई है।

सिस्टम का प्रभाव
एक चिह्नित निम्न दबाव का क्षेत्र गंगीय पश्चिम बंगाल पर स्थित है, जिसके साथ 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। यह तंत्र उत्तर-पश्चिम दिशा में झारखंड की ओर बढ़ने की संभावना रखता है। इसके अतिरिक्त एक पश्चिमी विक्षोभ भी 72° पूर्व और 30° उत्तर में सक्रिय है, जिससे मानसूनी गतिविधियों को और बल मिल रहा है।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft