Sunday ,September 06, 2026
होमछत्तीसगढ़CRPF कैंप से लापता आरक्षक का पेड़ पर मिला शव, घरेलू विवाद के बाद निकला था घर से...

CRPF कैंप से लापता आरक्षक का पेड़ पर मिला शव, घरेलू विवाद के बाद निकला था घर से

 Newsbaji  |  Sep 06, 2026 04:51 PM  | 
Last Updated : Sep 06, 2026 04:51 PM
बिलासपुर के भरनी स्थित CRPF कैंप से ड्यूटी के बाद लापता हुए आरक्षक जयप्रकाश गहिर का शव केंद्रीय विद्यालय के पास पेड़ पर मिला। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बिलासपुर के भरनी स्थित CRPF कैंप से ड्यूटी के बाद लापता हुए आरक्षक जयप्रकाश गहिर का शव केंद्रीय विद्यालय के पास पेड़ पर मिला। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

बिलासपुर। जिले के भरनी स्थित CRPF कैंप में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ड्यूटी के बाद से लापता चल रहे एक आरक्षक का शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस और CRPF के अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है।

मृतक आरक्षक की पहचान जयप्रकाश गहिर (33 वर्ष) के रूप में हुई है। वह ओडिशा के बलांगीर जिले के ग्राम करबहाली के निवासी थे। बताया जा रहा है कि जयप्रकाश पिछले करीब 15 वर्षों से भरनी स्थित CRPF कैंप में पदस्थ थे।

ड्यूटी खत्म करने के बाद हो गए थे लापता
सकरी थाना प्रभारी उमेश साहू ने बताया कि, जयप्रकाश शुक्रवार सुबह ड्यूटी खत्म करने के बाद कैंप से लापता हो गए थे। वह अपने घर भी नहीं पहुंचे। परिजनों और परिचितों की ओर से उनकी तलाश की जा रही थी।

पुलिस को मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद जयप्रकाश घर से बाहर निकल गए थे। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला।

केंद्रीय विद्यालय के पास पेड़ पर मिला शव
इसी बीच कुछ लोगों ने भरनी स्थित केंद्रीय विद्यालय के पास एक पेड़ पर एक व्यक्ति का शव फांसी से लटका देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही सकरी पुलिस टीम मौके पर पहुंची। CRPF के अधिकारी और जवान भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

खुदकुशी के पीछे क्या वजह? जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में पुलिस खुदकुशी की आशंका जता रही है। हालांकि, इसके पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि ड्यूटी खत्म करने के बाद जयप्रकाश किन परिस्थितियों में कैंप से निकले और केंद्रीय विद्यालय के पास कैसे पहुंचे।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर संभावित एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft