धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। खपरी बाईपास रोड पर खड़े ट्रक से कार की जोरदार टक्कर में जगदलपुर की 201 बटालियन के 3 जवानों सहित कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।
ट्रक से टकराई कार, चकनाचूर हुआ वाहन
जानकारी के अनुसार, 201 बटालियन के जवानों को लेकर आ रही एक डिजायर कार खपरी बाईपास के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के समय कार में कुल 5 लोग सवार थे। भिड़ंत की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अर्जुनी थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
गैस कटर से निकाले गए जवान
दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि, कार में सवार जवान अंदर बुरी तरह फंस गए थे। उन्हें बाहर निकालने के लिए गैस कटर की मदद लेनी पड़ी। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इस हादसे में जवान मुकेश कुमार, हीरालाल नागर, सौरभ तोमर और राजकुमार गोड की मौत हो गई। वहीं जवान अभिमान राय गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि, सभी जवान होली का त्योहार मनाने अपने घर जा रहे थे। खुशियों से भरी यह यात्रा अचानक मातम में बदल गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही बटालियन के वरिष्ठ अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे। दिवंगत जवानों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार या लापरवाही को संभावित कारण माना जा रहा है। ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है।
छत्तीसगढ़ में पटवारी के 200 पदों पर भर्ती को मंजूरी, जल्द शुरू होगी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया
9 सितंबर को होगी विष्णु कैबिनेट की अहम बैठक, इन मुद्दों पर रहेगी नजर
शिवनाथ नदी में बहा युवक, दो दिन बाद SDRF ने बरामद किया शव
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft