Saturday ,June 06, 2026
होमछत्तीसगढ़CJP के जंतर-मंतर प्रदर्शन में शामिल होगी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे), अमित जोगी बोले- ‘झेंगुरा बनकर पहुंचेंगे’...

CJP के जंतर-मंतर प्रदर्शन में शामिल होगी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे), अमित जोगी बोले- ‘झेंगुरा बनकर पहुंचेंगे’

 Newsbaji  |  Jun 05, 2026 10:00 AM  | 
Last Updated : Jun 05, 2026 10:00 AM
जंतर-मंतर प्रदर्शन में शामिल होगी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे), अमित जोगी बोले- ‘झेंगुरा बनकर पहुंचेंगे’
जंतर-मंतर प्रदर्शन में शामिल होगी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे), अमित जोगी बोले- ‘झेंगुरा बनकर पहुंचेंगे’

रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने 6 जून को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले CJP (Cockroach Janata Party) के प्रदर्शन में शामिल होने का ऐलान किया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने कहा कि उनकी पार्टी देश की पहली और फिलहाल एकमात्र मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टी है, जो इस आंदोलन में आधिकारिक रूप से भाग ले रही है।
अमित जोगी ने बताया कि, जंतर-मंतर में पार्टी का प्रतिनिधित्व महासचिव नीलेश चौहान करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में अन्य राजनीतिक दल भी इस पहल का समर्थन करेंगे और लोकतांत्रिक मुद्दों पर एकजुट होकर आवाज उठाएंगे।

‘हम DNA से कांग्रेसी हैं, यह हमारी विरासत है’
अमित जोगी ने कहा कि, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) की वैचारिक जड़ें कांग्रेस की परंपरा से जुड़ी हैं। उन्होंने कहा, “हम DNA से कांग्रेसी हैं। यह हमारी पहचान और हमारी विरासत है। लेकिन आज के भारत में अपने विचारों और राजनीतिक मूल्यों पर अडिग रहना आसान नहीं है। इसके लिए हर दबाव और हर चुनौती का सामना करने का साहस चाहिए।”

उन्होंने मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि बड़े-बड़े दल भी राजनीतिक उठापटक का शिकार हो रहे हैं, ऐसे समय में अपने सिद्धांतों पर टिके रहना ही असली संघर्ष है।

‘अभिजीत दीपके का साहस प्रेरणादायक’
जोगी ने CJP से जुड़े अभिजीत दीपके के फैसले और साहस की सराहना करते हुए कहा कि आज के दौर में खुलकर अपनी बात रखना और अपने विश्वास के साथ खड़ा रहना बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करते हैं और युवाओं को भी प्रेरित करते हैं।

‘तिलचट्टा नहीं, झेंगुरा बनकर पहुंचेंगे’
अपने बयान में अमित जोगी ने एक दिलचस्प प्रतीक का इस्तेमाल करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा में तिलचट्टे को ‘झेंगुरा’ कहा जाता है। उन्होंने कहा, “6 जून को हम जंतर-मंतर पर कॉकरोच बनकर नहीं, बल्कि झेंगुरा बनकर पहुंचेंगे। यह संघर्ष, जिजीविषा और हर परिस्थिति में डटे रहने का प्रतीक है।”

युवाओं और शिक्षा के मुद्दों पर फोकस
अमित जोगी ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी की मौजूदा भागीदारी पूरी तरह मुद्दा-आधारित है। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री की जवाबदेही, युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवाल इस आंदोलन के केंद्र में हैं। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) भविष्य में CJP और ऐसे अन्य सामाजिक-राजनीतिक संगठनों के साथ मिलकर काम करने की संभावनाओं को लेकर सकारात्मक है।

‘युवा भारत तीसरे विकल्प की तलाश में’
जोगी ने कहा कि, देश का युवा अब पारंपरिक राजनीति से आगे बढ़कर एक नए विकल्प की तलाश कर रहा है। उन्होंने कहा, “आज का युवा सिर्फ भाजपा और कांग्रेस के बीच सीमित नहीं रहना चाहता। वह एक ऐसे राजनीतिक विकल्प की तलाश में है जो उसकी आकांक्षाओं, रोजगार, शिक्षा और भविष्य की चिंताओं को समझे।” यह भी स्वीकार किया कि उनकी पार्टी से भी अतीत में गलतियां हुई हैं, लेकिन लोकतंत्र में आत्ममंथन और सुधार की गुंजाइश हमेशा बनी रहनी चाहिए।

अन्य दलों से साथ आने की अपील
अपने संदेश के अंत में अमित जोगी ने अन्य राजनीतिक दलों और संगठनों से भी इस आंदोलन में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा, रियल और वर्चुअल दुनिया की सीमाएं अब लगभग खत्म हो चुकी हैं। जो आज स्क्रीन पर दिखाई देता है, वह कल सड़क पर भी दिखाई देता है। ऐसे में लोकतांत्रिक मुद्दों पर सभी को साथ आना चाहिए।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft