Saturday ,July 18, 2026
होमटिप्पणीब्रिटिश कोलंबिया विधानसभा में लोकतंत्र और अनुशासन की अनूठी झलक, भारतीय व्यवस्था से भी दिखी समानता...

ब्रिटिश कोलंबिया विधानसभा में लोकतंत्र और अनुशासन की अनूठी झलक, भारतीय व्यवस्था से भी दिखी समानता

 Newsbaji  |  Jul 18, 2026 11:00 AM  | 
Last Updated : Jul 18, 2026 11:00 AM
ब्रिटिश कोलंबिया विधानसभा की यादगार यात्रा
ब्रिटिश कोलंबिया विधानसभा की यादगार यात्रा

टिप्पणी। क्षेत्रफल की दृष्टि से कनाडा विश्व का दूसरा सबसे बड़ा देश है। कनाडा को झीलों का देश भी कहा जाता है क्योंकि यहां ताज़े पानी की  सबसे अधिक झीलें हैं। 

विगत दिनों कनाडा प्रवास के दौरान  ब्रिटिश कोलंबिया राज्य की राजधानी विक्टोरिया के भ्रमण के दौरान ब्रिटिश कोलंबिया की विधानसभा को भी देखने का अवसर मिला। वर्तमान विधानसभा भवन का निर्माण वर्ष 1893 में प्रारंभ होकर 1897  में पूर्ण हुआ और 10 फ़रवरी 1898 को इसका उद्घाटन हुआ। 

ब्रिटिश कोलंबिया की विधानसभा में 93 सदस्य हैं। विधानसभा का कार्यकाल चार वर्ष का होता है। चुनाव की यह विशेषता है की चुनाव हर चार साल में अक्टूबर के तीसरे शनिवार को होता है। विगत चुनाव 19 अक्टूबर 2024 को हुआ था। इस प्रकार चुनाव की तारीख़ और दिन पहले से ही नियत रहता है। 

सदन में सदन के नेता अर्थात् मुख्यमंत्री को “प्रीमियर”के रूप में संबोधित किया जाता है। भारत के समान ही सत्ता पक्ष के सदस्य अध्यक्ष की दाहिनी ओर तथा विपक्ष के सदस्य अध्यक्ष के बायीं और बैठते हैं। वर्तमान में ब्रिटिश कोलंबिया में नेशनल डेमोक्रेटिक पार्टी की सरकार है तथा कंजरवेटिव पार्टी मुख्य प्रतिपक्ष दल है।  ब्रिटिश कोलंबिया की विधानसभा में  वर्ष में दो सत्र होते हैं  फ़रवरी और अक्टूबर में। आगामी सत्र 5 अक्टूबर 2026 से प्रस्तावित है। कनाडा में भारत की तरह राष्ट्रपति का पद नहीं है बल्कि देश के राज्य प्रमुख का पद अभी भी ब्रिटिश सम्राट के पास है और गवर्नर जनरल उनका प्रतिनिधित्व करते हैं। इसी प्रकार राज्यों में भी लेफ्टिनेंट गवर्नर सम्राट के प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते है। 

विधानसभा के मुख्य प्रवेश द्वार पर एक पारंपरिक डोंगी(नाव)रखी गई है। जिस प्रकार नाव नदी के एक किनारे से दूसरे किनारे के बीच सेतू का काम करती है उसी प्रकार जनता और शासन के बीच विधानसभा एक सेतु का काम करती है। इसलिए प्रतीक स्वरूप इसे रखा गया है। 

जिस प्रकार भारत में लोकसभा में और कुछ राज्यों की विधानसभा में अध्यक्ष के अधिकार के प्रतीक स्वरूप अध्यक्ष के आसन के समीप राजदंड (सेंगोल) रखा जाता है उसी प्रकार ब्रिटिश कोलंबिया की विधानसभा में भी राजदंड हाउस ऑफ़ दी क्लर्क (सचिव)की टेबल पर रखा जाता है। भवन के मुख्य गुम्बद के ऊपर तांबे से बनी 14 कैरट गोल्ड प्लेटेड जॉर्ज वैंकूवर की दो मीटर ऊंची मूर्ति भी स्थापित की गई है। जॉर्ज वैंकूवर ब्रिटेन की रॉयल नेवी में कैप्टेन थे और इस क्षेत्र के विकास में उनके योगदान को देखते हुए उनकी प्रतिमा उनके सम्मान स्वरूप स्थापित की गई है तथा वैंकूवर शहर का नाम भी उनके सम्मान में ही रखा गया है। 

विक्टोरिया शहर वैंकूवर आइलैंड में स्थित है जहाँ फेरी, हवाई  जहाज़ अथवा सी प्लेन के द्वारा पहुंचा जा सकता है। 
 ब्रिटिश कोलंबिया बहुत ही  सुंदर राज्य है इसलिए इसे ब्यूटीफुल ब्रिटिश कोलंबिया भी कहा जाता है।वाहनों के नंबर प्लेट पर ब्यूटीफुल ब्रिटिश कोलंबिया लिखा होता है। यहां प्रकृति को शहर के अंदर ही संजोया गया है। यहाँ सार्वजनिक आवागमन की सुविधा बहुत ही उत्तम है। स्थानीय प्रशासन द्वारा बसें, लोकल ट्रेन और फेरी संचालित की जाती है।

ब्रिटिश कोलंबिया को खूब सूरत बनाने में यहाँ के नागरिकों को भी बड़ा योगदान है। कानून का पालन Civic Sense और स्व अनुशासन के कारण ही यह शहर साफ़ और स्वच्छ है। नगर नियोजन और कचरा निष्पादन के साथ ही अन्य सार्वजनिक उपयोग की प्रक्रिया बहुत ही व्यवस्थित है। यातायात के नियमों का पालन लोगों की आदत में है। जहां वाहनों को ओवर टेक करना प्रतिबंधित होता है वहां वाहन एक के पीछे एक चलते हैं और कोई ओवर टेक नहीं करता है. लेकिन यदि आगे चल रहा वाहन कम स्पीड में चल रहा है तो सड़क के किनारे अपनी गाड़ी को खड़ा कर पीछे आ रही गाड़ियों को जगह दे देता है। 

इस प्रकार भारत में भी नागरिकों के सहयोग और सुव्यवस्थित प्रशासनिक सिस्टम से व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकता है।

लेखक- चन्द्र शेखर गंगराड़े, पूर्व प्रमुख सचिव, छत्तीसगढ़ विधानसभा 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft