इंटरनेशनल। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में रविवार को बॉन्डी बीच पर हुए आतंकी हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 तक पहुंच गई है। मरने वालों में एक 10 वर्ष की बच्ची और 1 इजराइली नागरिक भी शामिल है। इसके अलावा 45 लोग घायल भी हैं। पुलिस ने बताया कि बॉन्डी बीच पर हनुक्का फेस्टिवल मना रहे लोगों पर गोलीबारी बाप-बेटे ने की। बताया जा रहा कि, दोनों पाकिस्तानी मूल के नागरिक है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने 50 वर्ष के पिता साजिद अकरम को मौके पर ही गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। जबकि 24 वर्ष का बेटा नवीद अकरम हॉस्पिटल में गंभीर लेकिन स्थिर हालत में है। वहीं, इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ऑस्ट्रेलियाई सरकार की नीतियों को हमले के जिम्मेदार बताया है।
ऑस्ट्रेलिया के गृह मंत्री टोनी बर्क ने बताया कि, साजिद अकरम वर्ष 1998 में छात्र वीजा पर ऑस्ट्रेलिया आए थे। उन्होंने, वेरेना नामक ऑस्ट्रेलियाई महिला से शादी की और अपना वीजा पार्टनर वीजा में बदल लिया है। तब से वह रेजिडेंट रिटर्न वीजा पर हैं। यानी साजिद अकरम के पास ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता नहीं थी। बर्क ने यह नहीं बताया कि, अकरम ऑस्ट्रेलिया में कहां से आकर बसे थे। हालांकि उन्होंने कहा कि ऐसी खबरें हैं कि वह पाकिस्तान से आए थे।
पुलिस के मुताबिक, 50 वर्ष के हमलावर साजिद अकरम के पास लाइसेंसी बंदूक थी, जिसका इस्तेमाल वह शिकार के लिए करता था। NSW पुलिस कमिश्नर मल लैनयन ने कहा कि, साजिद अक्रम एक गन क्लब का सदस्य था और राज्य के कानून के तहत उसके पास लाइसेंस था। साजिद अकरम के पास कानूनी रूप से 6 बंदूकें थी। गोलीबारी के लिए निकलने से पहले बाप-बेटे ने अपने परिवार को कहा था कि वह मछलियां पकड़ने जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरी वारदात की जांच कर रही है।
दुर्ग में मक्के के खेत के बीच उग रही थी अफीम, 5-6 एकड़ में फैली अवैध खेती का भंडाफोड़
पुलिस पूछताछ के बाद बिगड़ी हालत, ग्रामीण की मौत से बवाल, हाईवे पर घंटों जाम
बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन में चौथी लाइन कार्य, 30 मार्च से 11 अप्रैल तक कई ट्रेनें रद्द
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft