मुंबई। महाराष्ट्र के मुंबई में डेंगू ने इस वर्ष सभी को परेशानी में डाल दिया है। डेंगू के मामलों में रिकार्ड बढ़ोतरी देखी जा रही है। मुंबई महानगरपालिका (BMC) के आंकड़ो के अनुसार, जून में 105 मामले दर्ज किए गए थे, वहीं जुलाई-अगस्त में यह संख्या बढ़कर 708 हो गई है, जो लगभग 500 प्रतिशत की वृद्धि दर्शा रही है। इस वर्ष डेंगू के कई गंभीर मामले बच्चों में सामने आए हैं, जिनमें से दो बच्चों की मौत हो गई है।
अभी तक दो बच्चों की मौत
BMC के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बाहर से आए एक 7 वर्षीय बच्चे को 1 अगस्त को गंभीर डेंगू के लक्षणों के साथ जे.जे.हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था। तेज बुखार, शरीर में दर्द और सांस लेने में तकलीफ के बाद उसकी स्थिति बिगड़ती गई और 4 अगस्त को उसकी मृत्यु हो गई। इससे पहले जुलाई के मध्य में होली फैमिली हॉस्पिटल में एक 5 वर्षीय बच्चे की डेंगू के कारण मौत हो गई थी। इन मामलों ने डेंगू के बढ़ते खतरे को और स्पष्ट कर दिया है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि, पहले डेंगू के मामले मानसून के अंत में बढ़ते थे, लेकिन अब यह बीमारी मानसून की शुरुआत में ही तेजी से फैल रही है। इस बदलते पैटर्न ने स्वास्थ्य विशेषज्ञों को चिंता में डाल दिया है। वहीं, डॉक्टरों के अनुसार, अगर दूसरी बार डेंगू का संक्रमण है तो डेंगू शॉक सिंड्रोम या हैमरेजिक डेंगू जैसी गंभीर स्थितियां पैदा हो सकती है जो जानलेवा हो सकती हैं।
डेंगू के लक्षणों में तेज बुखार, जोड़ों में दर्द, त्वचा पर लाल चकत्ते, पेट दर्द और सांस लेने में परेशानी आदि शामिल हैं। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि, बच्चों में इनमें से कोई भी लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी हॉस्पिटल से संपर्क करें और खुद से कोई दवा न लें।
दूसरी तरफ, BMC ने भी डेंगू के प्रसार को रोकने के लिए सक्रिय कदम उठाए हैं। शहर में फॉगिंग, एंटी-लार्वा स्प्रे और साफ-सफाई के विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। साथ ही इन मामलों में लोगों की जिम्मेदारी भी अहम है। BMC ने आम लोगों से अपील की है कि, वे अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, क्योंकि स्थिर पानी मच्छरों के प्रजनन का प्रमुख कारण होता है।
दुर्ग में मक्के के खेत के बीच उग रही थी अफीम, 5-6 एकड़ में फैली अवैध खेती का भंडाफोड़
पुलिस पूछताछ के बाद बिगड़ी हालत, ग्रामीण की मौत से बवाल, हाईवे पर घंटों जाम
बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन में चौथी लाइन कार्य, 30 मार्च से 11 अप्रैल तक कई ट्रेनें रद्द
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft