लखनऊ, भाजपा सरकार चलाने में डबल इंजन के लाभ गिना कर चुनाव प्रचार अभियान में इसकी ताकत दिखाई। 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव प्रचार के लिए भाजपा का डबल इंजन इस पथ पर सबसे तेज दौड़ा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 28 चुनावी सभाओं से माहौल बनाया तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे बड़े स्टार प्रचारक के रूप में सामने आए और 200 से अधिक कार्यक्रम किए। राष्ट्रीय और प्रदेश संगठन के सभी बड़े नेता प्रदेश को मथने में लगे रहे। वहीं, समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अकेले ही कमान संभाली, जबकि बहुजन समाजवादी पार्टी सुप्रीमो मायावती ने केवल 20 ही जनसभाओं को संबोधित किया।
भाजपा विधानसभा चुनाव से पहले ही चुनावी अभियान में पूरी ताकत झोंकने के लिए जमीनी अभियान-कार्यक्रमों की शुरुआत तो कई महीने पहले ही शुरू कर दी थी। लेकिन प्रत्याशी तय होने के बाद चुनाव प्रचार अभियान पूरी रणनीति के साथ चलाया। जातीय क्षेत्रीय प्रभाव और आकर्षण को देखते हुए स्टार प्रचारकों के कार्यक्रम तय किए गए। पीएम मोदी की लोकप्रियता निसंदेह सबसे अधिक है, उनकी मांग भी उसी के अनुसार थी, लेकिन व्यस्तता के चलते उनकी ऐसी संयुक्त जनसभाएं कराई गईं, जिसमें एक बार साथ कई विधानसभा क्षेत्रों को शामिल किया जा सकें।
इस तरह प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कुल 28 बड़े प्रचार कार्यक्रम किए। जिसमें जनसभा और रोड शो शामिल थे। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 40, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने 43 तो गृह मंत्री अमित शाह ने 54 सभाएं कीं। इस चुनावी प्रचार अभियान में योगी आदित्यनाथ सबसे बड़े स्टार प्रचारक बनकर उभरे, जिन्होंने कुल 204 चुनाव सभाओं को संबोधित किया। उनका साथ देते हुए प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने हर जिले तक पहुंचने का प्रयास किया और 70 से अधिक सभाओं को संबोधित किया। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी खूब पसीना बहाते हुए 85 जनसभाएं कीं, जबकि उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने 26 कार्यक्रमों में शामिल हुए।
वहीं दूसरी ओर विपक्ष की बात करें तो चुनाव प्रचार में सबसे अधिक मेहनत सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने की। इस अभियान की कमान उन्होंने अकेले ही संभाली और करीब 200 जनसभाएं व रोड शो से माहौल बनाने का प्रयास किया। वहीं अपने बसपा सुप्रीमो मायावती ने मात्र 20 रैलियां की। हालांकि, बसपा के लिए सबसे अधिक तूफानी जनसभाएं राष्ट्रीय महासचिव सतीशचंद्र मिश्र ने कीं। उन्होंने 151 जनसभाओं को संबंधित किया। इसी तरह कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार अभियान जिम्मा मुख्य रूप से प्रियंका गांधी वाड्रा ने खुद ही संभाला। कांग्रेस पार्टी के हिसाब से, उन्होंने 42 रोड शो, 167 रैली और नुक्कड़ सभाओं, जबकि 340 वर्चुअल रैलियां कीं। आम आदमी पार्टी के संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मात्र तीन जनसभाओं को ही संबोधित किया। लेकिन उनकी पार्टी के प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने करीब 200 प्रचार सभाओं को संबोधित किया।
CG POLICE में बड़ा फेरबदल: 29 निरीक्षक समेत 30 पुलिसकर्मियों का तबादला
38 लाख की ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार, 3 महीने में पैसा डबल करने का दिया था झांसा
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft