Friday ,September 11, 2026
होमजुर्मपुलिस अफसर के घर लाखों की चोरी से मचा हड़कंप, सोने-चांदी के जेवरात और 20 हजार नकदी ले उड़े चोर...

पुलिस अफसर के घर लाखों की चोरी से मचा हड़कंप, सोने-चांदी के जेवरात और 20 हजार नकदी ले उड़े चोर

 Newsbaji  |  Sep 11, 2026 08:27 AM  | 
Last Updated : Sep 11, 2026 08:27 AM
मड़ियाहूं में थानाध्यक्ष के घर लाखों की चोरी, जांच करती पुलिस टीम
मड़ियाहूं में थानाध्यक्ष के घर लाखों की चोरी, जांच करती पुलिस टीम

जौनपुर। मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के जमालापुर चौकी अंतर्गत मनापुर बंजारी गांव में चोरों ने सोनभद्र के बभनी थाने में तैनात थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सरोज के घर को ही निशाना बना डाला। चोर घर से लाखों रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और करीब 20 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गए। पुलिस अधिकारी के घर हुई चोरी की इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

मुख्य दरवाजा नहीं खुला तो कुंडी काटकर घर में घुसे
बताया जा रहा है कि, चोरी की वारदात के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। चोरों ने पहले मुख्य दरवाजे से घर में घुसने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने घर के साइड स्थित कमरे की कुंडी काट दी और अंदर दाखिल हो गए। घर में प्रवेश करने के बाद चोरों ने दो कमरों को अपना निशाना बनाया। उन्होंने बेड, सामान रखने की जगहों और अन्य स्थानों को खंगाल डाला। काफी देर तक घर में तलाशी लेने के बाद चोर कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

चूड़ियां, अंगूठियां, झुमके और चेन समेत जेवरात चोरी
चोर घर से सोने की चूड़ियां, अंगूठियां, झुमके, चेन समेत अन्य सोने के आभूषण और चांदी के जेवरात ले गए। इसके अलावा घर में रखी करीब 20 हजार रुपए की नकदी भी चोरों ने पार कर दी। चोरी हुए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई। जमालापुर चौकी प्रभारी रामाश्रय कुशवाहा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात को अंजाम देने वाले चोर कौन थे और उन्होंने घर की रेकी कब की थी।

पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जांच-पड़ताल करने के साथ ही संभावित मार्गों और संदिग्ध लोगों की जानकारी जुटा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरों तक पहुंचने के लिए कोई अहम सुराग मिल सके।

पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
सबसे अहम बात यह है कि चोरी की वारदात एक थानाध्यक्ष के घर में हुई है। घटना के बाद इलाके में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। आम लोगों के घरों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

फिलहाल पुलिस के सामने इस वारदात का जल्द खुलासा करने और चोरी में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार करने की चुनौती है। पुलिस का दावा है कि मामले में हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने का प्रयास किया जा रहा है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft