Monday ,October 19, 2026
होमजुर्मगुढ़ियारी थाने में TI से बदसलूकी और तोड़फोड़ के आरोपी शुभांकर द्विवेदी गिरफ्तार...

गुढ़ियारी थाने में TI से बदसलूकी और तोड़फोड़ के आरोपी शुभांकर द्विवेदी गिरफ्तार

 Newsbaji  |  Oct 19, 2026 09:47 AM  | 
Last Updated : Oct 19, 2026 09:47 AM
गुढ़ियारी थाने में तोड़फोड़ मामले के आरोपी शुभांकर द्विवेदी गिरफ्तार
गुढ़ियारी थाने में तोड़फोड़ मामले के आरोपी शुभांकर द्विवेदी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में गुढ़ियारी थाने के भीतर थाना प्रभारी से कथित बदसलूकी, धमकी और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में फरार चल रहे भाजपा युवा मोर्चा से जुड़े नेता शुभांकर द्विवेदी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उसे गुढ़ियारी थाने लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस फरारी के दौरान उसके ठिकानों और उसे सहयोग देने वालों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

जब्त वाहन और साउंड सिस्टम छुड़ाने पहुंचे थे आरोपी
पूरा मामला 15 सितंबर का है। गुढ़ियारी थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र साहू की शिकायत के अनुसार, दोपहर करीब 2:30 बजे शुभांकर द्विवेदी अपने साथियों के साथ थाने पहुंचा था। आरोप है कि शुभांकर द्विवेदी, प्रकाश यादव, मुकुल वर्मा, सत्यम पाण्डेय और अन्य लोग थाना प्रभारी के कार्यालय में घुस गए और फर्श पर बैठकर धरना देने लगे।

बताया गया कि उनकी मांग 14 सितंबर को कोलाहल अधिनियम के तहत जब्त किए गए वाहन और साउंड सिस्टम को छुड़ाने की थी। थाना प्रभारी नरेंद्र साहू ने उन्हें समझाया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा चुकी है और जब्त सामान न्यायालय की प्रक्रिया के माध्यम से ही वापस मिल सकता है।

समझाइश के बाद बढ़ा विवाद, तोड़फोड़ का आरोप
थाना प्रभारी की शिकायत के मुताबिक, जब पुलिस ने बिना कानूनी प्रक्रिया के जब्त सामान छोड़ने से इनकार कर दिया, तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि शुभांकर द्विवेदी और उसके साथियों ने थाना प्रभारी तथा वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज की।

शिकायत में कहा गया है कि विवाद के दौरान कार्यालय में रखे गमले और पेन स्टैंड को उठाकर फर्श पर पटक दिया गया। पुलिसकर्मियों ने सरकारी संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाने की समझाइश दी, लेकिन आरोप है कि शुभांकर द्विवेदी ने मेज पर रखी नामपट्टिका उठाकर दीवार पर लगे टीवी पर दे मारी। इससे टीवी क्षतिग्रस्त हो गया।

TI को जान से मारने की धमकी देने का आरोप
थाना प्रभारी नरेंद्र साहू ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि शुभांकर द्विवेदी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने थाना प्रभारी की वर्दी उतरवाने और जान से मारने की धमकी भी दी थी।

इसके अलावा, कार्यालय में लोगों के एकत्र होने से पुलिसकर्मियों की आवाजाही बाधित होने और जब्त सामान से संबंधित दस्तावेज तैयार करने तथा प्रकरण न्यायालय में पेश करने के सरकारी काम में बाधा पहुंचने का भी आरोप लगाया गया है।

सात नामजद आरोपियों के खिलाफ दर्ज है मामला
थाना प्रभारी की शिकायत पर पुलिस ने शुभांकर द्विवेदी सहित सात नामजद लोगों और अन्य साथियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया था। नामजद आरोपियों में प्रकाश यादव, मुकुल वर्मा, सत्यम पाण्डेय, सोमेश पाल, जितेंद्र चंद्रवंशी और लालसिंह चौहान शामिल हैं।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft