बीजापुर. छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में 13 अप्रैल की दोपहर एक साथ दो बातें हो रही थीं. जगदलपुर में प्रियंका गांधी की सभा में सीएम भूपेश बघेल कांग्रेस की सरकार बनने के बाद बस्तर में शांति कायम होने की बात कह रहे थे, नक्सलियों के सिमटने की बात कर रहे थे. वहीं दूसरी ओर, बीजापुर जिले में नक्सली परिवहन में लगी गाड़ियों में आग लगा रहे थे. मानों जता रहे हों कि नक्सलियों का वर्चस्व और खौफ अब भी बना हुआ है.
बता दें कि नक्सलियों ने ये वारदात बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र के पदेड़ा गांव में की है. पदेड़ा गांव से गंगालूर जाने वाले मार्ग पर नक्सलियों ने गिट्टी परिवहन में लगी दो टिप्पर को रुकवाया. जैसे ही ड्राइवर व क्लीनर नीचे उतरे नक्सलियों ने दोनों में एक-एक कर आग लगा दी. दोपहर करीब 1 बजे उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया.
मौके पर पहुंची पुलिस
इस घटना में दोनों गाड़ियों के चालक और क्लीनर तो पूरी तरह सुरक्षित हैं. लेकिन, दोनों टिप्पर जलकर खाक हो गए हैं. इस घटना के बाद नक्सली मौके से भाग निकले. तब इसकी जानकारी पुलिस को दी गई. पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं बताया गया है कि दोनों गाड़ियां बीजापुर के ठेकेदार सुरेश चंद्राकर की हैं.
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft