Monday ,June 09, 2025
होमजुर्मराजा मार्डर की मिस्ट्री का खुलासा, लापता पत्नी ने किया सरेंडर, शिलांग हनीमून मनाने गए थे दंपत्ति...

राजा मार्डर की मिस्ट्री का खुलासा, लापता पत्नी ने किया सरेंडर, शिलांग हनीमून मनाने गए थे दंपत्ति

 Newsbaji  |  Jun 09, 2025 10:35 AM  | 
Last Updated : Jun 09, 2025 10:35 AM
इंदौर मार्डर की मिस्ट्री का खुलासा!
इंदौर मार्डर की मिस्ट्री का खुलासा!

भोपाल। मध्य प्रदेश के इंदौर से मेघालय के शिलांग हनीमून मनाने गए एक जोड़े के बारे में नया खुलासा हुआ है। कुछ दिन पहले पति राजा रघुवंशी की लाश मिली थी और पत्नी सोनम की तलाश की जा रही थी। अब सोनम यूपी के गाजीपुर में एक ढाबे पर मिली है और उसने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है। पुलिस ने सोनम के साथ तीन और लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि चौथे शख्स की तलाश चल रही है। सोनम ने अपने घर वालों से फोन पर बात भी की है, जिसे उसके पिता ने भी माना है। 

मुख्यमंत्री व डीजीपी ने दी जानकारी
मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने कहा है कि राजा हत्याकांड में मेघालय पुलिस ने 7 दिनों के अंदर बड़ी सफलता हासिल की है। मध्य प्रदेश के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक महिला ने खुद को पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है। वहीं, एक और आरोपी की तलाश की जा रही है। मेघालय के डीजीपी ने बताया कि, इंदौर के एक व्यक्ति की हत्या के मामले में उसकी पत्नी सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। डीजीपी ने कहा कि हनीमून पर मेघालय गए इस व्यक्ति की हत्या में उसकी पत्नी भी शामिल थी और उसने सुपारी देकर हत्यारे बुलाए थे। 

गाजीपुर के नंदगंज के एक ढाबे पर मिली सोनम सोनम को नंदगंज थाना इलाके के एक ढाबे पर देखा गया। इसके बाद पुलिस ने उसे जिला हॉस्पिटल लेकर गई, जहां उसका प्राथमिक इलाज किया गया। अब सोनम को वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है। उसने अपने परिवार वालों से वीडियो कॉल पर बात की है। अब पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर सकती है। 

राजा और सोनम की शादी 
जानकारी के अनुसार, दोनों की शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी। शादी के नौ दिन बाद यानी 20 मई को दंपत्ति हनीमून मनाने मेघालय गया था। 23 मई को शिलांग के नोंग्रियाट गांव में डबल डेकर लिविंग रूट ब्रिज देखने के बाद दोनों अचानक गायब हो गए थे। उनकी खोज शुरू हुई। उनकी किराए की स्कूटी 24 मई को सोहरा के पास फेंकी हुई मिली। फिर 2 जून को राजा रघुवंशी का शव वेईसावडॉन्ग झरने के पास एक खाई में मिला था। शव की पहचान उनके हाथ पर बने टैटू से हुई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में उनकी हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद सोनम की तलाश और तेज कर दी गई। अब इंदौर के राजा रघुवंशी की हत्या का राज खुल गया। 17 दिन से लापता पत्नी सोनम यूपी के गाजीपुर में सरेंडर हुई, पुलिस ने उसके साथ तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया। मेघालय पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की, हत्या के मामले में जांच जारी है। 

खुद 17 दिन बाद किया कॉल 
सोनम ने 9 जून की सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच गाजीपुर के नंदगंज इलाके में एक ढाबे पर पहुंची। वहां उसने ढाबा मालिक से मोबाइल लेकर अपने भाई को वीडियो कॉल की और बताया कि वह गाजीपुर में है। इसके बाद उसके भाई ने तुरंत इंदौर पुलिस को जानकारी दी। फिर इंदौर पुलिस ने गाजीपुर पुलिस से संपर्क किया। पुलिस मौके पर पहुंची और सोनम को जिला हॉस्पिटल ले जाकर मेडिकल जांच करवाई गई। जांच में उसके शरीर पर किसी भी तरह की चोट या मारपीट के निशान नहीं मिले। 

हिरासत में लेकर पूछताछ 
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोनम का शादी से पहले एक युवक से प्रेम संबंध था और शादी के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा। सोनम ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर राजा को रास्ते से हटाने की साजिश रची और शिलांग में उसकी हत्या कर दी। राजा की हत्या में कुल चार लोग शामिल थे। इनमें से तीन इंदौर से पकड़े गए, जबकि एक आरोपी उत्तर प्रदेश का है जो अब भी फरार है। मेघालय के डीजीपी एल. नोंग्रांग ने पुष्टि की है कि राजा रघुवंशी की हत्या में उसकी पत्नी सोनम समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गाजीपुर से हिरासत में ली गई सोनम से पूछताछ की जा रही है। 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft