रायपुर. छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के अभनपुर विकासखंड में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां विकास खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) धनेश्वरी साहू ने ग्राम परसदा के पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रधान पाठक राजन बघेल के खिलाफ मारपीट और धमकी देने की शिकायत थाने में की है. पुलिस ने जुर्म दर्ज कर प्रधान पाठक को गिरफ्तार कर लिया है. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें मारपीट की पुष्टि हो रही है.
सीआर मार्किंग को लेकर विवाद बना कारण
बीईओ धनेश्वरी साहू ने अपनी शिकायत में बताया कि प्रधान पाठक राजन बघेल ने सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे उनसे सीआर (कॉन्फिडेंशियल रिपोर्ट) में 'ख' मार्किंग को 'क' करने के लिए दबाव डाला. उन्होंने जब ऐसा करने से इनकार किया, तो प्रधान पाठक ने कथित तौर पर फाइल उनके चेहरे पर मारी और गाली-गलौज की. इसके बाद राजन बघेल ने साहू को जान से मारने की धमकी दी और उनका गला दबाने की कोशिश की.
सीसीटीवी फुटेज से हुई घटना की पुष्टि
इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक हो गया है, जिसमें कथित मारपीट और बदसलूकी की झलकियां देखी जा सकती हैं. साहू ने बताया कि यह घटना स्कूल परिसर में हुई, जहां अन्य कर्मचारियों की मौजूदगी के बावजूद प्रधान पाठक ने बदसलूकी की. सहकर्मियों ने बीच-बचाव कर बीईओ को छुड़ाया, लेकिन उनके गले पर चोट के निशान आ गए.
पुलिस ने लिया त्वरित एक्शन

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रधान पाठक राजन बघेल को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, घटना की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज को भी साक्ष्य के रूप में शामिल किया गया है. बीईओ के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.
शिक्षा विभाग में घटना से फैली नाराजगी
इस घटना ने शिक्षा विभाग में खलबली मचा दी है. शिक्षकों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच यह मुद्दा चर्चा का केंद्र बन गया है. बीईओ जैसी महत्वपूर्ण पद पर आसीन अधिकारी के साथ हुई इस तरह की घटना ने सवाल खड़े कर दिए हैं. विभागीय अधिकारियों ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों.
यहां देखें वीडियो:
HM ने महिला BEO से मारपीट कर गला दबाया, देखें CCTV फुटेज#CGNews #CCTV #RaipurNews #BEOhttps://t.co/nFRrPssU2M pic.twitter.com/Invk6Vm9Jc
— NewsBaji (@NewsBaji) December 3, 2024
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft