सूरजपुर. छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में महगवां रिंग रोड पर प्रधान आरक्षक तालिब शेख की पत्नी मेहनाज और बेटी आलिया की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस को दोनों के शव घर से लगभग सात किलोमीटर दूर पीढ़ा-जूर मार्ग के पास गड्ढों में मिले. मां-बेटी के देर रात लापता होने की सूचना के बाद पुलिस ने इलाके में सर्च अभियान शुरू किया था, जिसके बाद सुबह करीब 9 बजे शव बरामद हुए. ग्रामीणों ने सबसे पहले शवों को देखा और पुलिस को सूचना दी.
दोनों की हत्या धारदार हथियार से की गई थी. शवों की हालत से पता चला कि उन्हें बेरहमी से मारा गया है. मेहनाज का शव एक गड्ढे में और आलिया का शव दूसरे गड्ढे में पाया गया. पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद हत्यारे शवों को किसी वाहन में रखकर घटनास्थल से दूर फेंक कर चले गए. पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.
एसपी आहिरे के अनुसार मामला जघन्य अपराध का है. उन्होंने बताया कि हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन हत्यारों ने पहले से पूरी प्लानिंग की थी. उन्हें पता था कि प्रधान आरक्षक तालिब शेख रात में देर से लौटेंगे और घर में सिर्फ उनकी पत्नी और बेटी मौजूद रहेंगी. हत्यारों ने इसी का फायदा उठाकर घर में घुसकर दोनों की हत्या कर दी.
पुलिस हत्यारों की तलाश में जुटी हुई है. आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है और घर की तलाशी के लिए डॉग स्क्वॉड की मदद ली जा रही है. फॉरेंसिक टीम ने भी घटना स्थल और घर दोनों जगह से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. प्रधान आरक्षक तालिब शेख से भी पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके.
हत्या का कारण अभी तक अज्ञात है, लेकिन इस मामले ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है. पुलिस हत्यारों की धरपकड़ के लिए पूरी तरह से सक्रिय है और जल्द ही अपराधियों का पता लगाने की उम्मीद जताई जा रही है.
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft