गाजियाबाद। शहर के पॉश इलाके वैशाली में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब थाना कौशाम्बी पुलिस ने सेक्टर-4 स्थित एक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में छापेमारी कर कथित सेक्स रैकेट का पर्दाफाश करने का दावा किया। पुलिस की कार्रवाई में 23 महिलाओं को रेस्क्यू किया गया, जबकि 5 ग्राहकों और कॉम्प्लेक्स के एक कर्मचारी को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, काफी समय से सूचना मिल रही थी कि कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल पर कथित रूप से अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना के सत्यापन के बाद विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापा मारा। अचानक हुई कार्रवाई से पूरे कॉम्प्लेक्स में अफरा-तफरी मच गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कथित तौर पर अवैध गतिविधियों से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है, जिसे जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।
नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) सूर्यबली मौर्य ने बताया कि, थाना कौशाम्बी में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। रेस्क्यू की गई महिलाओं का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है और नियमानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि, हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस कथित रैकेट का मुख्य संचालक कौन है और इसका नेटवर्क दिल्ली-एनसीआर के किन-किन इलाकों तक फैला हुआ है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft