Saturday ,October 03, 2026
होमजुर्ममोबाइल रिचार्ज के शक में सिरफिरे प्रेमी ने प्रेमिका पर किया चाकू से ताबड़तोड़ हमला, हालत गंभीर; आरोपी गिरफ्तार...

मोबाइल रिचार्ज के शक में सिरफिरे प्रेमी ने प्रेमिका पर किया चाकू से ताबड़तोड़ हमला, हालत गंभीर; आरोपी गिरफ्तार

 Newsbaji  |  Oct 03, 2026 03:09 PM  | 
Last Updated : Oct 03, 2026 03:13 PM
प्रेमिका पर चाकू से हमले के बाद आरोपी गिरफ्तार
प्रेमिका पर चाकू से हमले के बाद आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। जिले के कुरूद थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक प्रेमी ने अपनी ही प्रेमिका पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस ताबड़तोड़ हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं वारदात के बाद हरकत में आई कुरूद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

राइस मिल में काम करते हैं दोनों
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की पहचान कोंडागांव निवासी अनीता मंडावी के रूप में हुई है, जो कुरूद स्थित बालाजी राइस मिल में काम करती है। वहीं आरोपी युवक की पहचान भाटागांव निवासी दिलेश्वर के रूप में हुई है, जो उसी राइस मिल में अनीता के साथ ही काम करता है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था।

रिचार्ज कराने के बाद हुआ शक, घर में घुसकर मारी चाकू
मामले की वजह आपसी शक बताई जा रही है। आरोपी दिलेश्वर अपनी प्रेमिका अनीता के मोबाइल में अपने पैसों से रिचार्ज करवाता था। हालांकि, पिछले कुछ समय से उसे शक था कि उसके कराए रिचार्ज से अनीता किसी और व्यक्ति से घंटों फोन पर बात किया करती थी। इसी शक और जलन के चलते सनकी प्रेमी अनीता के घर में घुस गया और उस पर चाकू से एक के बाद एक कई वार कर दिए।

गंभीर हालत में धमतरी रेफर, पुलिस जांच में जुटी
हमले में युवती की कमर, जांघ और शरीर के अन्य हिस्सों में गहरे जख्म आए हैं। खून से लथपथ हालत में उसे तुरंत कुरूद के स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद धमतरी के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।

इधर, वारदात की सूचना मिलते ही कुरूद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी दिलेश्वर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए मामले की आगे की जांच में जुट गई है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft