दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके और पार्टी नेताओं आशुतोष रांका तथा सौरव दास को करीब 23 घंटे हिरासत में रखने के बाद रिहा कर दिया गया है। रविवार को तीनों को दिल्ली कैंट पुलिस स्टेशन में एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट कोर्ट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें एक साल तक शांति भंग नहीं करने की शर्त पर रिहा करने का आदेश दिया गया। दूसरी ओर, यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी दिल्ली पुलिस ने देर रात हिरासत से छोड़ दिया।
‘कॉकरोच कभी नहीं मरते’, CJP की पोस्ट ने खींचा ध्यान
तीनों नेताओं की रिहाई के बाद कॉकरोच जनता पार्टी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। पार्टी ने लिखा, ‘कॉकरोच कभी नहीं मरते।’ इस पोस्ट को पार्टी की ओर से अपने समर्थकों के बीच संदेश देने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को शनिवार को हिरासत में लिया गया था। रविवार को उन्हें दिल्ली कैंट पुलिस स्टेशन में एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट कोर्ट के सामने पेश किया गया। बताया जा रहा कि, कोर्ट ने तीनों को एक साल तक शांति भंग नहीं करने की शर्त पर रिहा कर दिया।
रिहाई के बाद मीडिया से नहीं की बात, दोपहर 2 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस
रिहाई के बाद तीनों CJP नेता दिल्ली कैंट पुलिस स्टेशन से रवाना हो गए। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत नहीं की। हालांकि, पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कार के भीतर से जानकारी दी कि CJP की ओर से दोपहर 2 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस की जाएगी। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी की ओर से हिरासत की कार्रवाई, प्रदर्शन से जुड़े घटनाक्रम और आगे की रणनीति पर क्या जानकारी दी जाती है, इस पर सबकी नजरें रहेंगी।
CJP की लीगल हेड ने पहले ही दी थी पेशी की जानकारी
CJP की लीगल हेड रत्ना सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया था कि अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को दिल्ली कैंट पुलिस स्टेशन में एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाना है। उन्होंने कहा था कि दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने उन्हें सुबह इस बारे में जानकारी दी थी।
रत्ना सिंह के मुताबिक, पार्टी की लीगल हेड होने के नाते वह अन्य वकीलों के साथ पुलिस स्टेशन में मौजूद रहेंगी, ताकि कानूनी प्रक्रिया में पार्टी का पक्ष रखा जा सके।
ध्रुव राठी भी हिरासत से रिहा, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को लेकर चेतावनी
इस पूरे घटनाक्रम में यूट्यूबर ध्रुव राठी का नाम भी चर्चा में रहा। दिल्ली पुलिस ने उन्हें देर रात हिरासत से रिहा कर दिया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले हिरासत में लिए गए लोगों में ध्रुव राठी भी शामिल थे।
बताया गया कि जंतर-मंतर पर पहुंचने से रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम पुलिस की मदद से उन्हें उनके घर से हिरासत में लिया था। वहीं, दिल्ली पुलिस ने चेतावनी दी है कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की कोशिश किए जाने पर कार्रवाई की जा सकती है।
बेंगलुरु में भी CJP के प्रदर्शन में दिखे थे ध्रुव राठी और प्रकाश राज
ध्रुव राठी इससे पहले बेंगलुरु में CJP के प्रदर्शन के दौरान नजर आए थे। उस प्रदर्शन में अभिनेता प्रकाश राज के साथ CJP संस्थापक अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका भी मौजूद थे।
अब दिल्ली में हिरासत और रिहाई के घटनाक्रम के बाद CJP की आगामी रणनीति पर निगाहें टिकी हैं। पार्टी की प्रस्तावित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदर्शन से जुड़े कई सवालों पर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
ट्रांसपोर्ट नगर में पुलिस की छापेमारी, पांडेय के कबाड़ी गोदाम में मिलीं भारी मात्रा में रेल पटरियां
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft