रायपुर। प्रदेश में आज भी कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 4 मई को दक्षिण अंडमान सागर और आसपास एक चक्रवात बनने की संभावना है। 6 मई तक यह कम दबाव के क्षेत्र में बदल जाएगा। यहां से अगले 24 घंटे में यह और मजबूत होगा। दक्षिण भारत के राज्यों के अलावा छत्तीसगढ़ में भी इसके असर से बारिश होगी। मौसम विभाग के अनुसार 5 मई को राज्य के दक्षिण और मध्य हिस्से में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलेगी। राज्य के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
लालपुर मौसम केंद्र के अनुसार चक्रवात के कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील होने तथा और ज्यादा मजबूत होने पर 6 और 7 मई को भी तेज हवा व अंधड़ के साथ बारिश होने की संभावना है। बता दें कि मंगलवार को दूसरे दिन भी राजधानी समेत राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई और तेज अंधड़ भी चली। दिन का तापमान कई जगहों पर कम हो गया। गर्मी से मामूली राहत भी मिली है। राजधानी समेत राज्य के कुछ जगहों पर सोमवार को हुई बारिश से मंगलवार को सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे चला गया।
रायपुर में दिन का तापमान 42.2 डिग्री तक पहुंच गया। यह सामान्य के बराबर है। पिछले दिनों तापमान सामान्य से तीन-चार डिग्री ज्यादा था। इससे लू जैसे हालात बन गए थे, लेकिन मौसम बदलने से थोड़ी राहत मिली है। जगदलपुर, दुर्ग और माना एयरपोर्ट में भी अधिकतम तापमान सामान्य के बराबर रहा। अधिकतम तापमान सबसे कम जगदलपुर में 38.2 रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी विदर्भ से तेलंगाना होते हुए तमिलनाडू तक एक द्रोणिका बनी हुई है। कुछ अन्य सिस्टम भी चिन्हिंत किए गए हैं। इनकी वजह से देश के दक्षिण राज्यों में बारिश हो रही है।
हाईटेक अस्पताल में 32 लाख रुपए के गबन का आरोप, कैशियर गिरफ्तार
CRPF कैंप से लापता आरक्षक का पेड़ पर मिला शव, घरेलू विवाद के बाद निकला था घर से
बारिश में जलती रही चिता, ऊपर तनी रही चादर: मांगरू के श्मशान ने खोली सरकारी दावों की पोल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft