Sunday ,March 08, 2026
होमछत्तीसगढ़ऑन लाइन ठगी का शिकार बन रहे ग्रामीण, एक ऐप के जरिए 21 लाख रुपए की ठगी का खुलासा...

ऑन लाइन ठगी का शिकार बन रहे ग्रामीण, एक ऐप के जरिए 21 लाख रुपए की ठगी का खुलासा

 Newsbaji  |  Jul 21, 2025 08:57 AM  | 
Last Updated : Jul 21, 2025 08:57 AM
गिरोह द्वारा ‘एंटाफोगास्टा’ नामक ऐप के जरिए की जा रही थी ठगी
गिरोह द्वारा ‘एंटाफोगास्टा’ नामक ऐप के जरिए की जा रही थी ठगी

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में ऑन लाइन ठगों ने ग्रामीण इलाकों के भोले-भाले ग्रामीणों को अपना शिकार बनाना शुरु किया है। ऐसा ही एक मामला सरगुजा संभाग के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के चलगली थाना क्षेत्र के ग्रामीणों को पैसे डबल करने का लालच देकर लाखों रुपए की ठगी का खुलासा हुआ है। पुलिस ने ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह के एक ठग को बिहार से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा कि, गिरोह द्वारा ‘एंटाफोगास्टा’ नामक ऐप के जरिए मार्च 2024 से सितंबर 2024 के बीच 20.81 लाख रुपए की ठगी को अंजाम दिया था। 

डबल पैसे करने का झांसा
पुलिस जांच में यह बात सामने आई थी कि, मोहम्मद फिरोज आलम व उसके सहयोगियों ने एंटाफोगास्टा ऐप नामक एक फर्जी निवेश ऐप तैयार किया था। उक्त ऐप को व्हाट्सएप कॉल व मैसेज के माध्यम से प्रचारित किया गया था। ग्रामीणों को भरोसे में लेकर डबल पैसा कमाने का झांसा दिया जाता था। लालच में आकर ग्रामीणों ने ऐप में पैसे लगा दिए। ऐप के जरिए निवेश करवाने के लिए आरोपियों द्वारा गोल्डन एग्रो इंडिया नामक एक फर्जी कंपनी के नाम पर केनरा बैंक में खाता भी खुलवाया गया था। इसके बाद ग्रामीणों से प्राप्त ठगी की रकम को उसी खाते में ट्रांसफर करवाया जाता था। खातों की जांच में लाखों रुपए के ट्रांजेक्शन का खुलासा हुआ है।

बिहार से हुई गिरफ्तारी
आरोपियों की लोकेशन बिहार के मुजफ्फरपुर में मिलने के बाद पुलिस ने ग्राम मादापुर चौबे, पश्चिम टोला से आरोपी मोहम्मद फिरोज आलम को धरदबोचा। बता दे कि, पुलिस ने इसी मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया था, जबकि अन्य फरार चल रहे थे। इसी बीच मोहम्मद फिरोज भी दबोचा गया है। उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर ठगी की बात स्वीकार की है। पुलिस ने सभी आरोपियों की पहचान कर ली है। अब पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में है।

पुलिस प्रशासन की अपील
छत्तीसगढ़ पुलिस व चलगली थाना द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि, किसी भी फर्जी निवेश ऐप, डबल पैसे के लालच या अज्ञात लिंक से सावधान रहें। यदि कोई संदिग्ध कॉल या व्हाट्सएप मैसेज मिलें तो तुरंत स्थानीय थाना या साइबर सेल में इसकी शिकायत करें। 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft