अंबिकापुर. छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में DJ की तेज आवाज से ब्रेन हेमरेज होने का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. 40 वर्षीय संजय जायसवाल, जिनका ब्लड प्रेशर सामान्य था, उन्हें DJ सुनने के बाद चक्कर आने लगा. घर पहुंचते ही उनकी हालत और बिगड़ गई और उल्टियां होने लगीं. डॉक्टरों ने सीटी स्कैन कराया, जिसमें ब्रेन हेमरेज का पता चला. विशेषज्ञों का कहना है कि यह संभवतः DJ की अत्यधिक तेज आवाज के कारण हो सकता है, जिससे उनके मस्तिष्क की नस फट गई.
संजय जायसवाल, जो बलरामपुर जिले के सनावल निवासी थे, को 12 सितंबर की रात गांव के गणेश पूजा स्थल पर DJ बजने के दौरान चक्कर आया. वहां से घर लौटने पर उनकी तबीयत बिगड़ती चली गई. नाक, कान, गला रोग विशेषज्ञ डॉ. शैलेंद्र गुप्ता ने उनकी ब्लड प्रेशर की जांच की, जो सामान्य थी. डॉक्टरों के मुताबिक, मरीज के सिर में कोई चोट नहीं लगी थी और न ही उन्हें ब्लड प्रेशर की कोई समस्या थी, इसके बावजूद उन्हें ब्रेन हेमरेज हो गया.
यह मामला इसलिए चौंकाने वाला है क्योंकि अब तक ब्रेन हेमरेज के कारणों में DJ की तेज आवाज को शामिल नहीं किया गया था. अंबिकापुर के चिकित्सकों के अनुसार, तेज आवाज से कान और दिल पर असर पड़ता है, लेकिन इस तरह का ब्रेन हेमरेज का मामला अब तक नहीं देखा गया था. संजय को रायपुर रेफर किया गया, लेकिन उनकी हालत गंभीर बनी रही.
तेज आवाज, विशेषकर DJ की, सेहत के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकती है. पहले भी यातायात पुलिसकर्मियों में इस तरह की समस्याएं देखी गई हैं. अंबिकापुर में किए गए एक सर्वे में पुलिसकर्मियों के सुनने की क्षमता में कमी, ब्लड प्रेशर की समस्या, और मानसिक तनाव के कई मामले सामने आए थे. डॉक्टरों का मानना है कि DJ की तेज आवाज से हृदय और मस्तिष्क पर भी गंभीर प्रभाव पड़ सकता है.
नाक, कान, गला रोग विशेषज्ञ डॉ. शैलेंद्र गुप्ता ने बताया कि DJ की तेज आवाज के कारण उच्च रक्तचाप और दिल के दौरे जैसी समस्याएं पहले भी देखी गई हैं, लेकिन संजय जायसवाल के मामले में ब्रेन हेमरेज की संभावना ने डॉक्टरों को भी चौंका दिया है. विशेषज्ञों का कहना है कि भविष्य में इस तरह के मामलों पर ध्यान देने की आवश्यकता है.
सड़क पर बर्थडे पार्टी, बोनट पर केक और आतिशबाजी! अभनपुर के नायब तहसीलदार की वायरल रील से मचा बवाल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft