रायपुर/महासमुंद। नर्सिंग संवर्ग के ग्रेड-पे एवं वेतनमान संबंधी मांगों को लेकर नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन, रायपुर, महासमुंद, अंबिकापुर और कोरबा समेत अन्य जिलों ने आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। एसोसिएशन ने स्वास्थ्य मंत्री और शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय के अधीक्षक को पत्र भेजकर दो दिवसीय ध्यानाकर्षण प्रदर्शन एवं स्कूटी रैली की अनुमति मांगी है।
एसोसिएशन की अध्यक्ष द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि नर्सिंग संवर्ग की ओर से पिछले करीब 14 वर्षों से ग्रेड-पे एवं वेतनमान की मांग शासन-प्रशासन के समक्ष रखी जा रही है। पत्र के अनुसार, इस संबंध में आयुक्त, चिकित्सा शिक्षा कार्यालय द्वारा प्रस्ताव भी तैयार किया गया है, लेकिन करीब 9 माह बीत जाने के बाद भी इस पर निर्णय नहीं हो सका है।

28 सितंबर को काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन
पत्र में बताया गया है कि, आंदोलन के प्रथम चरण में 28 सितंबर को नर्सिंग स्टाफ द्वारा काली पट्टी लगाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। यह प्रदर्शन सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगा।
30 सितंबर को निकलेगी स्कूटी रैली
आंदोलन के अगले चरण में 30 सितंबर को दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक स्कूटी रैली निकालने की योजना है। पत्र के अनुसार रैली चिकित्सालय परिसर से अपने नजदीकी चौक-चौहारों तक निकाली जाएगी।

18 नवंबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी
एसोसिएशन ने पत्र में कहा है कि यदि मांगों का निराकरण नहीं होता है तो 18 नवंबर 2026 से प्रदेश स्तर पर अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा। संगठन ने आंदोलन के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं पर संभावित प्रभाव और मरीजों को होने वाली असुविधा की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होने की बात भी पत्र में कही है।
एसोसिएशन ने शासन-प्रशासन से प्रस्तावित कार्यक्रमों के लिए अनुमति प्रदान करने का अनुरोध किया है। पत्र पर नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्षों के हस्ताक्षर हैं।
SIR और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस का विरोध मार्च, कलेक्टर कार्यालय का किया घेराव
वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के शिष्य की संदिग्ध मौत, परिजनों ने उठाए सवाल; CBI जांच की मांग
बैंक कर्मचारियों की 3 दिन की हड़ताल टली, 5-डे बैंकिंग पर बनेगी हाई लेवल कमेटी; ग्राहकों को बड़ी राहत
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft