जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में NIA ने शुक्रवार को 12 जगहों पर एक साथ छापेमारी की कार्रवाई की है। यह कार्रवाई वर्ष 2023 में हुए अरनपुर IED ब्लास्ट और नक्सली हमले के मामले से संबंधित है।
NIA ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि, यह छापे संदिग्ध और आरोपित व्यक्तियों के परिसरों में मारे गए, जो प्रतिबंधित संगठन CPI (माओवादी) के सशस्त्र कैडरों से जुड़े थे। तलाशी के दौरान एजेंसी ने कई आपत्तिजनक सामग्रियां बरामद की है, जिनमें नकदी, हस्तलिखित पत्र, नक्सलियों द्वारा की जाने वाली लेवी वसूली की रसीद बुकें और डिजिटल उपकरण शामिल हैं।
दरअसल, यह हमला दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र के पेद्का गांव के पास 26 अप्रैल 2023 को दरभा डिवीजन कमेटी के नक्सलियों ने किया था। NIA इस मामले की जांच जारी रखे हुए है और अब तक 27 आरोपियों को गिरफ्तार कर 02 आरोपपत्र भी दाखिल कर चुकी है।
इस पूरे मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों में धनेंद्र राम ध्रुव उर्फ गुरुजी और रामस्वरूप मरकाम शामिल हैं, जो नक्सलियों के सहयोगी बताए गए हैं। ये लोग IED विस्फोट के लिए आवश्यक सामाग्री और सहायता उपलब्ध कराने में शामिल थे।
NIA से मिली जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर 2023 को गरियाबंद जिले के बड़ेगोबरा गांव में हुए एक अन्य विस्फोट में भी इनकी भूमिका सामने आई। यह विस्फोट उस समय हुआ जब मतदान दल और सुरक्षा बलों का दल मतदान समाप्त कर लौट रहा था। इस हमले में इंडो-तिब्बती सीमा पुलिस (ITBP) की 615 एडहॉक बटालियन के 01 हेड कांस्टेबल की मौत हो गई थी।
दुर्ग में मक्के के खेत के बीच उग रही थी अफीम, 5-6 एकड़ में फैली अवैध खेती का भंडाफोड़
पुलिस पूछताछ के बाद बिगड़ी हालत, ग्रामीण की मौत से बवाल, हाईवे पर घंटों जाम
बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन में चौथी लाइन कार्य, 30 मार्च से 11 अप्रैल तक कई ट्रेनें रद्द
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft