Sunday ,September 13, 2026
होमछत्तीसगढ़NH-53 पर भीषण हादसा: तीज उत्सव में जा रहे 9 लोगों की मौत, 14 घायल; 6 मासूम भी जख्मी...

NH-53 पर भीषण हादसा: तीज उत्सव में जा रहे 9 लोगों की मौत, 14 घायल; 6 मासूम भी जख्मी

 Newsbaji  |  Sep 12, 2026 12:51 PM  | 
Last Updated : Sep 12, 2026 12:51 PM
NH-53 पर भीषण सड़क हादसा, 9 लोगों की मौत और 14 घायल
NH-53 पर भीषण सड़क हादसा, 9 लोगों की मौत और 14 घायल

कबीरधाम। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर हाईवे (NH-53) पर शुक्रवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। नागपुर में आयोजित तीज उत्सव में शामिल होने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी महिंद्रा बोलेरो को मुंडीपार गांव के पास तेज रफ्तार आयशर वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीन मासूम बच्चों और पांच महिलाओं समेत 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 6 बच्चे भी शामिल हैं।

पेट्रोल पंप से हाईवे पर आया आयशर, बोलेरो से हुई जोरदार भिड़ंत
पुलिस के मुताबिक, हादसा 11 सितंबर की सुबह करीब 3:31 बजे लाखनी थाना क्षेत्र के मौजा मुंडीपार गांव के पास हुआ। कबीरधाम और राजनांदगांव जिले के ग्रामीण बोलेरो में सवार होकर साकोली से लाखनी होते हुए नागपुर जा रहे थे। इसी दौरान मुंडीपार के पास स्थित एक पेट्रोल पंप से टाटा कंपनी का आयशर वाहन मुख्य हाईवे पर आया। बताया जा रहा है कि मुख्य सड़क पर प्रवेश करते समय वाहन चालक ने पर्याप्त सावधानी नहीं बरती। इसी दौरान साकोली की ओर से आ रही बोलेरो आयशर से जा भिड़ी।

टक्कर इतनी भीषण कि बोलेरो का अगला हिस्सा चकनाचूर
दोनों वाहनों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे घायलों और मृतकों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, भंडारा पहुंचाया गया। गंभीर स्थिति वाले कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नागपुर रेफर किया गया है।

मृतकों में मासूम बच्चे और महिलाएं शामिल
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान जानाबाई रामअवतार वर्मा (50), गायत्री रूपेश उईके (30), सिटी रूपेश उईके (6), धैर्य रूपेश उईके (4), मीनाक्षी राजकुमार वर्मा (26), सरिता विजय वर्मा (30), रेशा राजकुमार वर्मा (2), गणेशिया अश्वंत पटेल (22) और राजकुमारी प्रह्लाद पटेल (35) के रूप में हुई है। मृतकों में राजनांदगांव के चिचोला और कबीरधाम जिले के विभिन्न गांवों के लोग शामिल हैं।

14 लोग घायल, बच्चों की संख्या भी ज्यादा
हादसे में सुभाष विजय वर्मा (5), ललिता योगेश पटेल, तनय योगेश पटेल (4), रामप्यारी भारत पटेल, सुख्यारी पटेल, रमस्या पटेल, कुमारीबाई रामधर कावरे, मयंक योगेश पटेल (6), रितेश विजय वर्मा (3), मेघा राजकुमार वर्मा (3), लोकेश असवन पटेल (9), डॉली असवन पटेल (7), गुलाबन रेश्या वर्मा और जगदेव उर्फ जंगू निर्मल वर्मा घायल हुए हैं।

पुलिस कर रही समन्वय
कबीरधाम SP जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि, हादसे में मृत लोग लोहारा थाना क्षेत्र के गांवों से संबंधित हैं। संबंधित गांवों के सरपंच भंडारा पहुंच गए हैं। कबीरधाम पुलिस भंडारा पुलिस के साथ लगातार संपर्क और समन्वय बनाए हुए है।

पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद मृतकों के शव उनके गृह ग्राम भेजे जा रहे हैं। हादसे को लेकर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हादसे पर सरकार ने जताया दुख
नागपुर-रायपुर हाईवे पर हुए दर्दनाक हादसे पर छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से गहरा दुख व्यक्त किया गया है। बयान में कहा गया कि “नागपुर-रायपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसे में हमारे नागरिकों के निधन से मन अत्यंत व्यथित है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें। हम महाराष्ट्र प्रशासन के निरंतर संपर्क में हैं।

घायलों के इलाज और पीड़ितों की सहायता हेतु अफसरों की टीम रवाना कर दी गई है। सरकार हर कदम पर साथ खड़ी है।” हादसे के बाद मृतकों के गांवों में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft