रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित बिरनपुर हत्याकांड की जांच में पता चला है कि, इस हत्या में राजनीतिक साजिश नहीं हुई थी। इसका खुलासा CBI की चार्टशीट में हुआ है। जांच एजेंसी ने मामले में जांच पूरी कर कोर्ट में 18 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट पेश कर दी है। दरअसल, हत्याकांड में मारे गए भुवनेश्वर साहू के पिता ने जिन लोगों पर आरोप लगाए थे, उनका इस चार्जशीट में कहीं भी उल्लेख नहीं है।
बता दे कि, भुवनेश्वर के पिता व अब वर्तमान भाजपा विधायक ईश्वर साहू लगातार आरोप लगाते रहे हैं कि, अंजोर यदु की भूमिका के कारण हत्या को अंजाम दिया गया था। लेकिन चार्जशीट में अंजोर के नाम की भूमिका का जिक्र नहीं है। सूबे में बिरनपुर हत्याकांड को लेकर जमकर राजनीति हुई थी।
अब भूवनेश्वर के पिता भाजपा विधायक
भाजपा ने वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में साजा सीट से भुवनेश्वर के पिता ईश्वर साहू को चुनाव मैदान में उतारा था। इन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व तत्कालीन मंत्री रवीन्द्र चौबे को हरा दिया। ईश्वर साहू ने इससे पहले कभी राजनीति नहीं की थी। भाजपा ने चुनाव से पहले इस मुद्दे पर तत्कालीन भूपेश सरकार पर जमकर हमला बोला था।
CBI जांच की घोषणा
प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद विधानसभा सदन में गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा था कि, जिनके खिलाफ प्रमाण मिले हैं, वे जेल में हैं, शेष की विवेचना जारी है। जब ईश्वर साहू ने फिर से न्याय की गुहार लगाई थी, तो गृहमंत्री ने इसे पराक्रमी पिता का दर्द बताते हुए सदन में CBI जांच की घोषणा की थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि, जांच केवल भुवनेश्वर साहू की हत्या तक सीमित होगी। घोषणा होने के बाद 27 अप्रैल 2024 को CBI पहली बार बिरनपुर पहुंची थी। टीम ने बेमेतरा, साजा और बिरनपुर में स्थानीय अफसरों से चर्चा कर पुलिस विवेचना के बिंदु लिए और नए सिरे से जांच शुरू की थी।
जानिए क्या था बिरनपुर हत्याकांड
यह पूरी घटना बेमेतरा जिले के बिरनपुर में 08 अप्रैल 2023 को दो गुटों में विवाद होने के बाद हुई थी, जिसमें भुनेश्वर साहू की हत्या कर दी गई थी। घटना को धार्मिक रंग देने की वजह से गांव में तनाव फैल गया। कुछ घरों में आग लगा दी गई। 10 अप्रैल 2023 को गांव के ही रहीम और उसके बेटे ईदुल मोहम्मद की भी हत्या कर दी गई। इसके बाद से गांव में करीब दो हफ्ते के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया था।
18 आरोपियों के नाम
बेमेतरा पुलिस ने जांच के बाद सभी 12 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। जिसमें जलिल खान, नवाब खान, बसीर खान, मुख़्तार मोहम्मद, सफीक मोहम्मद, अब्दुल खान, अकबर खान, मोहम्मद जनाब, अयूब खान, निज़ामुद्दीन, कल्लू खान और राशिद खान शामिल थे। इसके बाद राज्य सरकार ने इस मामले को CBI को सौंपा था। उसके बाद CBI ने मामले की विस्तृत जांच की और 06 अन्य आरोपियों के नाम सामने आए। इनमें जमीर खान, अमीर खान, अब्बास मोहम्मद, सलमान मोहम्मद, अपजल खान और फजल खान शामिल हैं।
दुर्ग में मक्के के खेत के बीच उग रही थी अफीम, 5-6 एकड़ में फैली अवैध खेती का भंडाफोड़
पुलिस पूछताछ के बाद बिगड़ी हालत, ग्रामीण की मौत से बवाल, हाईवे पर घंटों जाम
बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन में चौथी लाइन कार्य, 30 मार्च से 11 अप्रैल तक कई ट्रेनें रद्द
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft