बीजापुर. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों के जवानों और नक्सलियों के बीच एक बार फिर मुठभेड़ की खबर है. इसमें 4 नक्सलियों के मारे जाने और लगभग 7 के घायल होने की जानकारी सामने आई है. बरामद की गई नक्सलियों की लाशों के साथ बड़े पैमाने पर हथियार और दैनिक उपयोग की सामग्रियां बरामद की गई हैं. मुठभेड़ अभी जारी है.
बता दें कि सुरक्षा बल के जवान बीजापुर जिले के नक्सल प्रभावित गंगालुर इलाके में सर्चिंग पर निकले हुए थे. इसमें डीआरजी, सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन,बस्तर फाइटर व सीएएफ के जवान शामिल हैं. तभी नेंड्रा कोरचोली के जंगल में उनका नक्सलियों से सामना हो गया. नक्सलियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी. वहीं जवानों ने भी जवाबी फायर किया और मुठभेड़ शुरू हो गई.
इस जवाबी कार्रवाई में 4 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है. वहीं लगभग 7 नक्सलियों के घायल होने की जानकारी सामने आ रही है. इस संबंध में बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया है कि टीम के लौटने के बाद और जानकारियां सामने आएंगी. बहरहाल सर्चिंग अभी भी जारी है.
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft