जयपुर। राजस्थान के दौसा जिले से हृदय विदारक दुर्घटना की खबर आ रही है, जहां बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, 11 अन्य गंभीर घायल हो गए है। सभी घायलों को बेहतर उपचार के लिए जयपुर रैफर कर दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दौसा-मनोहरपुर नेशनल हाईवे पर बासड़ी बाईपास पुलिया के पास तड़के करीब 3:00 बजे हादसा हो गया। खाटूश्यामजी के दर्शन कर लौट रहे उत्तर प्रदेश के निवासी श्रद्धालुओं की पिकअप एक होटल के बाहर खड़े कंटेनर से जा टकराई। हादसे में पिकअप सवार 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक महिला ने जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है।
घायलों इलाज जारी
सड़क हादसे में घायल 11 लोगों में से 9 को जयपुर रैफर किया गया है। जिनमें में से एक महिला की जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, अन्य 3 घायलों का दौसा जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि, पिकअप सवार लोग खाटूश्यामजी मंदिर से उत्तर प्रदेश के एटा में असरोली जा रहे थे। तभी दौसा-मनोहरपुर हाईवे पर बासड़ी बाईपास पुलिया के नजदीक उनका पिकअप वाहन अनियंत्रित हो गया, जिससे भीषण सड़क हादसा हो गया है। मृतकों में 7 बच्चे और 3 महिलाएं शामिल हैं। जांच में सामने आया कि, पिकअप चालक को नींद की झपकी आने से पिकअप अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े कंटेनर में जा घुसा, हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
सड़क हादसे पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के एक्स पर लिखा कि, दौसा में भीषण सड़क हादसे में जनहानि का समाचार अत्यंत दु:खद है। जिला प्रशासन को घायलों का त्वरित एवं समुचित उपचार सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान दें व घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
दुर्ग में मक्के के खेत के बीच उग रही थी अफीम, 5-6 एकड़ में फैली अवैध खेती का भंडाफोड़
पुलिस पूछताछ के बाद बिगड़ी हालत, ग्रामीण की मौत से बवाल, हाईवे पर घंटों जाम
बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन में चौथी लाइन कार्य, 30 मार्च से 11 अप्रैल तक कई ट्रेनें रद्द
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft