Saturday ,March 07, 2026
होमजुर्मदुर्ग में वायरल VIDEO पर पुलिस का एक्शन: कार से उतरकर नकली पिस्टल लहराने वाले 3 गिरफ्तार...

दुर्ग में वायरल VIDEO पर पुलिस का एक्शन: कार से उतरकर नकली पिस्टल लहराने वाले 3 गिरफ्तार

 Newsbaji  |  Feb 13, 2026 11:38 AM  | 
Last Updated : Feb 13, 2026 11:38 AM
तीन युवकों को नकली पिस्टल लहराना पड़ा भारी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
तीन युवकों को नकली पिस्टल लहराना पड़ा भारी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

दुर्ग। इंस्टाग्राम पर वायरल हुए एक सनसनीखेज वीडियो ने दुर्ग पुलिस को तुरंत कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया। वीडियो में 3 युवक चलती कार से उतरकर सरेआम नकली पिस्टल लहराते हुए रील बनाते दिखाई दे रहे थे। यह कृत्य सुमित बाजार के पास स्टेशन रोड क्षेत्र में किया गया, जहां आम लोगों की आवाजाही रहती है। पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए त्वरित जांच शुरू की और कुछ ही समय में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की विवेचना की जा रही है।

क्या था वायरल वीडियो में?

वायरल क्लिप में आरोपी वाहन में बैठकर पहले हथियारनुमा वस्तु दिखाते हैं और फिर सार्वजनिक स्थान पर उतरकर उसे लहराते हुए फोटो और वीडियो शूट करते नजर आते हैं। यह वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया, जिससे इलाके में दहशत फैलने की आशंका थी। पुलिस का कहना है कि इस तरह के स्टंट और सोशल मीडिया पर ‘दबंगई’ दिखाने की प्रवृत्ति कानून व्यवस्था के लिए खतरा बन सकती है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

थाना मोहन नगर पुलिस ने तकनीकी जांच और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें अभिरक्षा में लिया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम हैं, जयदीप कांडा, संतरा बाड़ी, गगनप्रीत सिंह, पोलसाय पारा और पवनदीप सिंह गुरु नानक नगर, चीखली, दुर्ग शहर के निवासी है। तीनों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक नकली पिस्टल जब्त की गई है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

सोशल मीडिया स्टंट पड़े भारी

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि, सोशल मीडिया पर हथियार या नकली हथियार का प्रदर्शन कर भय का माहौल बनाना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। चाहे हथियार असली हो या नकली ऐसी हरकतें आमजन में असुरक्षा की भावना पैदा करती हैं।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि, लाइक और फॉलोअर्स के लिए इस तरह की गैरकानूनी हरकतों से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft